प्रणब मुखर्जी की सलाह पर भाजपा में आया, शुभेंदु बोले- टीएमसी बुआ-भतीजे की पार्टी, मोदी के साथ जाओ

Share

- Advertisement -

Kolkata News: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार शाम कहा कि उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की सलाह पर तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। कोलकाता में ‘बंगाल एसेंड्स’ सम्मेलन में शुभेंदु ने कहा कि प्रणब मुखर्जी उनके असली सलाहकार और अभिभावक थे, जिन्होंने उनसे कहा था कि आगे बढ़ना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जाओ।

शुभेंदु के मुताबिक, प्रणब मुखर्जी के राष्ट्रपति बनने के बाद वह उनसे मिलने राष्ट्रपति भवन गए थे। उस समय ममता बनर्जी के भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी भी वहां पहुंच गए थे। शुभेंदु ने बताया कि उस मुलाकात में प्रणब मुखर्जी ने उनसे पूछा था कि आगे क्या करने की सोच रहे हैं।

प्रणब मुखर्जी ने उनसे कहा था कि यदि कार्यकर्ता के रूप में रहना है तो इसके (भतीजे) साथ रहो और यदि अपने दम पर आगे बढ़ना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रहो। शुभेंदु ने कहा कि प्रणब मुखर्जी की सलाह बिल्कुल स्पष्ट थी। उन्होंने यह भी कहा कि इस विषय पर अधिक कुछ कहने से विवाद हो सकता है।

टीएमसी को बुआ-भतीजे की पार्टी क्यों कहा

शुभेंदु ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस पिसी-भाइपो यानी बुआ-भतीजे की पार्टी है और काफी हद तक एक निजी कंपनी की तरह काम करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी में एक मैनेजिंग चेयरमैन और एक मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। शुभेंदु ने कहा कि वह वहां कार्यकर्ता बनकर नहीं रहना चाहते थे, इसलिए पार्टी छोड़कर बाहर निकल आए। उन्होंने तृणमूल छोड़ने के अपने फैसले को सही बताया।

शुभेंदु ने कहा कि प्रणब मुखर्जी उनके असली सलाहकार थे और राष्ट्रपति बनने के बाद भी उन्हें सलाह देते रहे। उन्होंने कहा कि आज भी उनके मन में प्रणब मुखर्जी के लिए सम्मान है और हमेशा बना रहेगा। जब उनसे पूछा गया कि प्रणब मुखर्जी से उनकी यह बातचीत कब हुई थी, तो शुभेंदु ने ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रणब जी अब हमारे बीच नहीं हैं और इस विषय पर अधिक कुछ कहने से विवाद हो सकता है।

16 दिसंबर 2020 को छोड़ी थी तृणमूल

शुभेंदु अधिकारी ने 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले मंत्री पद छोड़ने के साथ 16 दिसंबर 2020 को तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उसी वर्ष दिसंबर में अपने गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभा में वह भाजपा में शामिल हो गए थे। तृणमूल छोड़ने से पहले ही ममता बनर्जी के साथ उनके राजनीतिक मतभेद बढ़ने लगे थे।

शुभेंदु 1998 से ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के साथ जुड़े थे। वह 2009 और 2014 में तुमलुक से लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। 2016 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम से जीत हासिल करने के बाद वह ममता बनर्जी की दूसरी सरकार में मंत्री बने थे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News