Chandigarh News: पंजाब में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस हाईकमान पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल रविवार देर शाम चंडीगढ़ पहुंचे। उनके साथ राज्य प्रभारी सचिन पायलट, सचिव रविंद्र डालवी और सूरज ठाकुर भी रणनीति तैयार करने पहुंचे हैं।
हवाई अड्डे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने केंद्रीय दल का जोरदार स्वागत किया। वेणुगोपाल सोमवार को प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और जिला प्रधानों के साथ अहम बैठक करेंगे। इस बैठक में जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी खाका खींचने पर गहन चर्चा होगी।
नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय पर जोर
परगट सिंह को कमान सौंपे जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने की कोशिश कर रही है। हाईकमान का मुख्य फोकस प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाना है। दो दिनों तक चलने वाले इस मंथन में नेताओं के बीच बेहतर तालमेल बिठाने पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में आगामी चुनाव की रूपरेखा तय करने के साथ-साथ दिल्ली में प्रस्तावित बड़ी रैली पर भी बात होगी। 1 नवंबर को आयोजित होने वाली वोट बचाओ देश बचाओ रैली की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। पार्टी नेतृत्व सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने के कड़े निर्देश देने की तैयारी में है।