Chandigarh News: चंडीगढ़ में मंगलवार को पंजाब कांग्रेस भवन में चुनाव समिति की बैठक होगी, जिसमें 2027 विधानसभा चुनाव का रोडमैप तैयार किया जाएगा। बैठक में उम्मीदवारों के चयन, घोषणा पत्र और प्रचार अभियान पर चर्चा होगी। पार्टी 10 दिसंबर तक 35 से 40 सीटों पर पहली सूची जारी करने की तैयारी में है।
चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस भवन में मंगलवार को घोषणा पत्र, कोआर्डिनेशन और चुनाव समिति की बैठकें होंगी। सभी चुनावी समितियों के गठन के बाद यह पहली बैठक है। इसमें चुनावी रोडमैप के साथ-साथ उम्मीदवारों के चयन और प्रचार अभियान पर चर्चा होगी।
बैठक में पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, डा. अमर सिंह और डा. धर्मवीर गांधी सहित सांसद, विधायक, पूर्व विधायक और समिति सदस्य शामिल होंगे।
पहले चरण में 35 से 40 सीटों पर उम्मीदवार घोषित होंगे
पहले चरण में 10 दिसंबर तक 35 से 40 सीटों पर उम्मीदवार घोषित करने की तैयारी है। पार्टी उन क्षेत्रों से शुरुआत करना चाहती है, जहां टिकट को लेकर विवाद या दावेदारी कम है और उम्मीदवार की स्थिति स्पष्ट है। सांसदों के टिकट पर दूसरी सूची में फैसला होने की संभावना है।
जीत की संभावना के आधार पर कुछ नेताओं के परिवार के सदस्यों को टिकट देने पर भी विचार हो सकता है। सर्वे आनलाइन, आफलाइन, जमीनी स्तर और टेलीफोन के जरिये हुआ है।
कुछ सीटों पर पांच से छह दावेदार होने से चयन चुनौतीपूर्ण
पंच, सरपंच, जिला प्रधान और अन्य पदाधिकारियों से भी राय ली जा रही है। कुछ सीटों पर पांच से छह दावेदार होने से चयन चुनौतीपूर्ण हो सकता है। कांग्रेस 20 दिसंबर तक घोषणा पत्र को अंतिम रूप देने की तैयारी में भी है।
डा. अमर सिंह की अध्यक्षता में घोषणा पत्र समिति की बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से मिले सुझावों और संगठनों की मांगों पर चर्चा होगी। अब तक 150 से अधिक एसोसिएशन और संगठनों से मेमोरेंडम और सुझाव मिले हैं।
सचिन पायलट ने कहा कि बैठक में वरिष्ठ नेता चुनावी रणनीति और उम्मीदवारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। चयन मेरिट, फीडबैक और जीत की संभावना के आधार पर होगा। परगट सिंह ने बताया कि हाईकमान के निर्देश पर सर्वे लगभग पूरा है। 10 से 15 दिन में प्रक्रिया पूरी कर पहली सूची जारी होने की उम्मीद है। चुनावी अभियान चार नवंबर को राहुल गांधी की संगरूर रैली के साथ शुरू हो चुका है।