Himachal Pradesh News: परिसीमन और महिला आरक्षण लागू होने पर हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की चार से छह और विधानसभा की 68 से 102 सीटें होने का अनुमान है। विधानसभा में 34 और लोकसभा में दो महिला प्रतिनिधि पहुंच सकती हैं। जनगणना के आधार को लेकर असमंजस के बीच भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है।
परिसीमन और महिला आरक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की स्थिति में हिमाचल प्रदेश की राजनीतिक तस्वीर में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अनुमान के मुताबिक प्रदेश में लोकसभा की चार सीटें बढ़कर छह और विधानसभा की 68 सीटें बढ़कर 102 हो सकती हैं।
महिला आरक्षण का प्रविधान लागू होने पर राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने के साथ चुनावी समीकरण भी बदलेंगे। वर्तमान में हिमाचल विधानसभा के 68 विधायकों में केवल तीन महिलाएं हैं। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने पर विधानसभा की 102 सीटों में से 34 और लोकसभा की छह सीटों में से दो सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं।
अनुमान के अनुसार अनुसूचित जाति की सीटों की संख्या वर्तमान 17 से बढ़कर 20 से अधिक होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, जनजातीय क्षेत्रों की तीन सीटों की संख्या यथावत रह सकती है।
जनगणना के आधार पर परिसीमन को लेकर असमंजस
परिसीमन की प्रक्रिया में जनगणना का आधार महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से 2011 की जनगणना के आधार पर सीटों के पुनर्निर्धारण की योजना की चर्चा है। दूसरी ओर हिमाचल में जनगणना का कार्य चल रहा है, जो अगले वर्ष मार्च तक पूरा होने की संभावना है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि परिसीमन में 2011 के आंकड़े इस्तेमाल होंगे या नई जनगणना को आधार बनाया जाएगा।
भाजपा समर्थन में, कांग्रेस ने उठाए सवाल
परिसीमन को लेकर प्रदेश में सियासी मतभेद भी सामने आ रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि इससे संसदीय व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी।
इसके विपरीत कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने महिला आरक्षण की आड़ में सीटें बढ़ाने और उत्तर-दक्षिण के बीच राजनीतिक विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया है।