Lalitpur News: समाजवादी पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली सूची में ललितपुर सीट (226) से ज्योति लोधी को प्रत्याशी घोषित किया है। पांच नामों वाली इस सूची में वह इकलौती नई चेहरा हैं, जबकि बाकी चारों मौजूदा विधायक हैं। अखिलेश यादव ने पहले ही उनसे टिकट देने का वादा किया था।
ज्योति लोधी को जनवरी 2022 में सपा का ललितपुर जिलाध्यक्ष बनाया गया था। 2022 के विधानसभा चुनाव में भी वह टिकट की दावेदारों में थीं, लेकिन पार्टी ने तब रमेश प्रसाद कुशवाहा को मैदान में उतारा था। कुशवाहा भाजपा के रामरतन कुशवाहा से हार गए थे। यह सीट 2017 और 2022 में भाजपा ने जीती थी।
पार्टी ने इस बार लोधी और महिला समीकरण पर दांव लगाया है। ज्योति लोधी पिछड़े वर्ग के लोध समुदाय से आती हैं और पांच नामों वाली सूची में इकलौती महिला प्रत्याशी हैं।
पहली सूची में कौन-कौन
सपा ने मंगलवार रात अपनी पहली सूची पार्टी के आधिकारिक एक्स हैंडल पर ‘होगा पीडीए के नाम, अबकी एकजुट मतदान’ नारे के साथ जारी की थी। सूची में बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी के नाम हैं। चारों अन्य प्रत्याशी मौजूदा विधायक हैं।