Ranchi News: परिसीमन विधेयक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि उनकी पार्टी दिल्ली के घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है और संसद के विशेष सत्र में क्या होता है, यह देखना होगा। पार्टी ने शनिवार को अपने सभी सांसदों और विधायकों की बैठक बुलाई है, जिसमें इस पर फैसला होगा।
केंद्र सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को कैबिनेट की मंजूरी दी है, जिसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटें 50 प्रतिशत तक बढ़ेंगी और बढ़ी हुई सीटों को 25 साल के लिए फ्रीज किया जाएगा। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू हो रहा है। झामुमो नेताओं ने इस मुद्दे पर चिंता जताई है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि पार्टी परिसीमन के पूरी तरह खिलाफ नहीं है, लेकिन झारखंड में आदिवासी विधानसभा सीटों की संख्या घटाने की कोशिश हुई तो इसका विरोध किया जाएगा। राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने भी आशंका जताई कि परिसीमन के बाद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या प्रभावित हो सकती है।
शनिवार को होगा फैसला
झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों को विचार-विमर्श के लिए बुलाया है। सभी जनप्रतिनिधियों की राय लेने के बाद ही पार्टी अपना आधिकारिक रुख तय करेगी। लोकसभा सांसद विजय हांसदा ने कहा कि पार्टी ने अभी तक विधेयक का मसौदा नहीं देखा है, इसलिए समर्थन या विरोध पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया जा सकता। इस बीच कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन की बैठक भी होनी है, जिसमें हेमंत सोरेन के शामिल होने पर भी सस्पेंस बना हुआ है।