झारखंड विधानसभा में एसआईआर के खिलाफ प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित, मतदाता सूची पुनरीक्षण रोकने की मांग

Share

- Advertisement -

Ranchi News: झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ लाया गया प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित हो गया। सरकार का कहना है कि एसआईआर की जटिल प्रक्रिया और तकनीकी खामियों के कारण बड़ी संख्या में मतदाताओं को परेशानी हो रही है, इसलिए इस प्रक्रिया को रोककर इसमें बदलाव किया जाना चाहिए।

सरकार ने प्रस्ताव में कहा है कि झारखंड में कुल 2.64 करोड़ मतदाता हैं, जबकि मतदाता सूची के पहले ड्राफ्ट में 2.21 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल किए गए थे। इस तरह करीब 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम हटा दिए गए। सरकार के अनुसार, सूची में शामिल 2.21 करोड़ मतदाताओं में से भी करीब 27 प्रतिशत लोगों को संदिग्ध मतदाता मानते हुए उन्हें नोटिस जारी किए गए।

प्रस्ताव में कहा गया है कि जिन मामलों में नोटिस जारी किए गए, उनमें से 75 प्रतिशत से ज्यादा मामले सिर्फ तार्किक गलतियों से जुड़े हैं, जैसे माता-पिता के नामों की स्पेलिंग में अंतर, उम्र में फर्क या उत्तराधिकारियों की संख्या से जुड़ी गलतियां। सरकार का कहना है कि इन्हीं वजहों से मतदाताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

संविधान के अनुच्छेद 326 का हवाला

राज्य सरकार ने प्रस्ताव में मतदान के अधिकार को मिलने वाले संवैधानिक संरक्षण पर जोर देते हुए संविधान के अनुच्छेद 326 का जिक्र किया है। इस अनुच्छेद में कहा गया है कि सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार एक संवैधानिक अधिकार है और किसी भी नियम या प्रक्रिया के जरिए किसी योग्य मतदाता को इस अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता।

सरकार के प्रस्ताव में कहा गया है कि चुनावी प्रक्रिया में जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए एसआईआर प्रक्रिया को रोक दिया जाना चाहिए और इसके प्रारूप में उचित बदलाव किए जाने चाहिए। झारखंड सरकार ने सभी राज्यों और राजनीतिक दलों के साथ परामर्श करने के बाद पारदर्शी नियमों और सरल प्रक्रिया के साथ एक नई प्रक्रिया शुरू करने की बात भी कही है।

विधानसभा का यह दो दिवसीय विशेष सत्र 25 और 26 नवंबर को बुलाया गया है। इस सत्र में खनिज एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन अधिनियम (एमएमडीआर) और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दों पर चर्चा होनी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News