Saharanpur News: सहारनपुर के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा से सीट बंटवारे को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि कांग्रेस को खत्म या सरेंडर कर बातचीत का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने परिसीमन विधेयक और सोनिया गांधी के मताधिकार को लेकर उठाए गए सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के संभावित गठबंधन पर सहारनपुर सांसद इमरान मसूद ने स्पष्ट कहा कि यदि दूसरी तरफ से तल्ख बातें होंगी तो सुनने की आदत भी रखनी होगी। समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी सूची और घोषणापत्र जारी होने पर उन्होंने कहा, “लिस्ट जारी हुई है वो उनकी है, मैनिफेस्टो जारी हुआ है वो उनका है, गठबंधन की जब बात होगी तो बात करेंगे, मुझे नहीं पता कि बातचीत क्यों रूक गई। जब बातचीत शुरू होगी तो करेंगे, लेकिन एक बात स्पष्ट है कांग्रेस को सरेंडर करके या कांग्रेस को खत्म करके बातचीत करने का कोई औचित्य नहीं है।”
बातचीत रुकने के पीछे खुद को जिम्मेदार ठहराए जाने के सवाल पर इमरान मसूद ने कहा कि उन्होंने अपनी पार्टी के हित में बात रखी और आगे भी बोलते रहेंगे। उन्होंने समाजवादी पार्टी को लेकर कहा कि तल्ख बोलने पर तल्ख प्रतिक्रिया भी मिलेगी और पूछा कि उन्होंने सपा के खिलाफ क्या बुरा कहा है। उनके अनुसार, इस तरह दबाव डालकर या थोपकर बात करना सही नहीं है।
परिसीमन विधेयक पर बीजेपी को घेरा
संसद के विशेष सत्र में संभावित परिसीमन विधेयक को लेकर इमरान मसूद ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और पिछड़ों के प्रति संवेदनशील लोग इस विधेयक का विरोध करेंगे।
उनके मुताबिक, इस विधेयक के जरिए बीजेपी परिसीमन कराकर प्रतिनिधित्व घटाना चाहती है और इसके बाद सत्ता व व्यवस्था पर पूरा नियंत्रण साधने की मंशा रखती है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर और असम का हवाला देते हुए कहा कि इसका समर्थन करने वालों का रुख आत्मघाती कदम जैसा है। इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस अंत तक प्रयास करेगी और मल्लिकार्जुन खरगे को सोनिया गांधी तथा इंडिया गठबंधन के प्रमुख नेताओं से संवाद करना चाहिए।
सोनिया गांधी के मताधिकार पर बयानबाजी की निंदा
सोनिया गांधी के मतदान के अधिकार पर सवाल उठाने वालों को लेकर भी इमरान मसूद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने देश के लिए त्याग और भारतीय संस्कृति को अपनाकर काम किया, उनके खिलाफ ऐसी टिप्पणियां करना अनुचित और निंदनीय है।