Toronto News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगले महीने प्रस्तावित कनाडा दौरे से पहले विदेश मंत्री अनिता आनंद ने दोनों देशों के बीच अधिक निवेश और मजबूत व्यापारिक रिश्तों की उम्मीद जताई है। उन्होंने टोरंटो में कनाडा-भारत निवेश मंच को संबोधित करते हुए आर्थिक साझेदारी विस्तार और व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर जोर दिया।
कनाडा की विदेश मंत्री अनिता आनंद ने कहा कि भारत और कनाडा के बीच आर्थिक साझेदारी बढ़ाने की व्यापक गुंजाइश है। टोरंटो में आयोजित ‘कनाडा-भारत निवेश मंच’ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रस्तावित व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (सीईपीए) कारोबारियों को अधिक स्थिरता और बाजारों तक भरोसेमंद पहुंच दे सकता है। इस मंच में कनाडा में भारत के उच्चायुक्त दिनेश पटनायक भी शामिल हुए और उन्होंने व्यापार, नवाचार तथा साझा समृद्धि के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर बात की।
द्विपक्षीय रिश्तों और आर्थिक सहयोग को मिलेगी नई गति
विदेश मंत्री अनिता आनंद ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “पीएम मोदी की प्रस्तावित यात्रा दोनों देशों के लिए द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने और आर्थिक सहयोग की असीम संभावनाओं को साकार करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।”
सीईपीए समझौते पर बातचीत अंतिम चरण में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग की घोषणा और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की पुष्टि के बाद कनाडा यात्रा पर जाने वाले हैं। यह बयान एक भारतीय अधिकारी के उस कथन के कुछ दिन बाद आया है, जिसमें कहा गया था कि नई दिल्ली और ओटावा प्रस्तावित सीईपीए पर बातचीत पूरी करने के “बेहद करीब” हैं।