Saharanpur News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सीट बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज है। सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद ने इकरा हसन को बच्ची और चंद्रशेखर आजाद को छोटा भाई बताकर पश्चिमी यूपी के सियासी समीकरणों पर नई चर्चा छेड़ दी है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर बातचीत जारी है। दोनों दलों के नेताओं के बयानों से गठबंधन की मुश्किलें भी सामने आ रही हैं। इसी बीच सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कैराना की सपा सांसद इकरा हसन को अपनी बच्ची और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को अपना छोटा भाई बताकर पश्चिमी यूपी में मुस्लिम और दलित राजनीति के समीकरणों पर नई चर्चा शुरू कर दी है।
सीट बंटवारे से शुरू हुई जुबानी जंग
इस विवाद की शुरुआत सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बढ़ी खींचतान से हुई। समाजवादी पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया, जिनमें सहारनपुर की बेहट और सहारनपुर विधानसभा सीट भी शामिल हैं।
कांग्रेस इन सीटों पर अपनी दावेदारी जता रही थी। ऐसे में इमरान मसूद ने सपा के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस कोई भिखारी नहीं है, जो उसे जो सीट दे दी जाएगी, वह ले लेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का अपना सम्मान और राजनीतिक अस्तित्व है और गठबंधन में दोनों दलों को बराबर सम्मान मिलना चाहिए।
इमरान के बयान पर सपा सांसद इकरा हसन ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन किसी एक व्यक्ति के अहंकार या राजनीतिक महत्वाकांक्षा से बड़ा होता है और ऐसी बयानबाजी से सहयोगी दलों के बीच दूरी बढ़ सकती है।
इकरा के जवाब पर इमरान ने क्यों दिखाई नरमी
इकरा हसन के बयान के बाद जब इमरान मसूद से इस बारे में पूछा गया तो उनका रुख बदला हुआ था। उन्होंने कहा कि इकरा हसन हमारी बच्ची हैं और उनकी बातों पर वे कुछ नहीं कहना चाहेंगे।
इकरा ने जहां इमरान के बयानों को गैर-जिम्मेदाराना बताया था, वहीं मसूद ने उनके खिलाफ कोई तीखी टिप्पणी नहीं की। उन्होंने इकरा को बच्ची कहकर विवाद को व्यक्तिगत टकराव में बदलने से रोकने का संदेश दिया।
सियासी जानकारों के अनुसार, हसन और मसूद परिवार के बीच दशकों पुराने रिश्ते हैं। इकरा को बच्ची कहकर मसूद ने विवाद को शांत करने के साथ मुस्लिम मतदाताओं के बीच खुद को वरिष्ठ और अभिभावक नेता के रूप में भी पेश किया।
चंद्रशेखर आजाद के सहारे सपा पर दबाव
दूसरी तरफ इमरान मसूद ने नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को अपना छोटा भाई बताकर सपा की चिंता बढ़ा दी है। पश्चिमी यूपी में चंद्रशेखर आजाद की दलित युवाओं में मजबूत पकड़ मानी जाती है।
मसूद ने उन्हें छोटा भाई कहकर यह संकेत दिया है कि यदि सपा ने सम्मानजनक सीटें नहीं दीं, तो कांग्रेस के पास विकल्प खुले हैं। जानकारों के मुताबिक, यह समीकरण सपा के कोर पीडीए वोट बैंक में असर डाल सकता है।
पश्चिमी यूपी के सियासी समीकरण
सहारनपुर, कैराना और बिजनौर बेल्ट में मुस्लिम और दलित मतदाताओं का गठजोड़ अहम भूमिका निभाता है। इकरा हसन को बच्ची और चंद्रशेखर आजाद को छोटा भाई कहकर इमरान मसूद ने खुद को इस चर्चा के केंद्र में ला खड़ा किया है।
दूसरी ओर, सपा नेताओं का तर्क है कि वे अपनी जीती हुई सीटों पर कोई समझौता नहीं करेंगे। अब यह देखना अहम होगा कि मसूद के इन बयानों का गठबंधन में सीट हिस्सेदारी और सपा-कांग्रेस की बातचीत पर क्या असर पड़ता है।