नीट पीजी सीट जाने पर दिल्ली हाईकोर्ट सख्त, एनएमसी और एमसीसी को फटकार

Share

- Advertisement -

New Delhi News: नीट पीजी 2025 के उम्मीदवार सौरभ अग्रवाल की आवंटित एमडी सीट जाने के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। तय समय पर हलफनामा दाखिल न करने पर अदालत ने नेशनल मेडिकल कमीशन और मेडिकल काउंसलिंग कमेटी को फटकार लगाई है। मां की मेडिकल इमरजेंसी और कम समय के कारण सौरभ 1200 किलोमीटर दूर रिपोर्ट नहीं कर सके थे।

नीट पीजी 2025 के उम्मीदवार सौरभ अग्रवाल की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। तय समय पर हलफनामा दाखिल न करने पर हाईकोर्ट ने नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) और मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) को फटकार लगाई है।

अदालत ने चेतावनी दी है कि अगली सुनवाई तक भी जवाब रिकॉर्ड पर नहीं आया तो सख्त कदम उठाने पर विचार किया जा सकता है। स्ट्रे वैकेंसी राउंड में सीट मिलने के बावजूद उसके खाली रहने से काउंसलिंग प्रक्रिया की जवाबदेही पर सवाल खड़े हुए हैं। याचिकाकर्ता की ओर से वकील शांतनु जुगतावत ने पैरवी की है।

क्या है सौरभ अग्रवाल का मामला

सौरभ अग्रवाल ने नीट पीजी 2025 में AIR 8814 हासिल की थी। उन्हें ऑल इंडिया कोटा स्ट्रे वैकेंसी राउंड में कोलकाता के कॉलेज ऑफ मेडिसिन एंड सागर दत्ता हॉस्पिटल में एमडी (जनरल मेडिसिन) की सीट प्रोविजनली आवंटित हुई थी।

वकील शांतनु जुगतावत के अनुसार, नतीजे 21 फरवरी 2026 को आने थे, लेकिन 23 फरवरी को घोषित हुए और अलॉटमेंट लेटर 24 फरवरी को डाउनलोड हो सका। जबकि रिपोर्टिंग की अंतिम तिथि 28 फरवरी 2026 ही तय थी, जिससे रिपोर्टिंग का समय कम रह गया।

मां की तबीयत बिगड़ने से आई मुश्किल

याचिका में बताया गया है कि 24 फरवरी को ही सौरभ की मां को अचानक मेडिकल इमरजेंसी का सामना करना पड़ा और उन्हें तुरंत इलाज व देखभाल की जरूरत थी। सौरभ का गृह जनपद उत्तर प्रदेश में है, जो आवंटित कॉलेज से लगभग 1200 किलोमीटर दूर है।

कम समय और पारिवारिक मेडिकल इमरजेंसी के कारण वह तय समय में रिपोर्ट नहीं कर सके। आरोप है कि 1-2 दिन की मोहलत मांगने के बावजूद MCC और NMC ने कोई ठोस निर्णय नहीं लिया।

खाली सीट और याचिका की मांग

वकील शांतनु जुगतावत के मुताबिक, आवंटित सीट खाली पड़ी है और इससे एक पीजी मेडिकल सीट के बेकार जाने का खतरा है। संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत दायर याचिका में संबंधित अथॉरिटीज को स्पीकिंग ऑर्डर पास करने और पात्रता के आधार पर दाखिले का अवसर देने का निर्देश मांगा गया है।

याचिका में कहा गया है कि स्ट्रे वैकेंसी राउंड का शेड्यूल काफी कम समय का होता है और दूर-दराज के राज्यों में पहुंचना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसी परिस्थितियों में तार्किक और मानवीय विचार की आवश्यकता बताई गई है।

कौन हैं वकील शांतनु जुगतावत

सौरभ अग्रवाल की ओर से पैरवी कर रहे शांतनु जुगतावत 2010 से सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे हैं और NLIU भोपाल के पूर्व छात्र हैं। वह दिल्ली न्यायिक सेवा (2010) में 34वीं रैंक प्राप्त कर चुके हैं तथा सबरीमाला केस, हाथरस मामले (सत्यमा दुबे), पंजाब बनाम देवेंद्र सिंह और सौरव यादव बनाम यूपी राज्य जैसे मामलों में पेश हो चुके हैं। अब सभी की नजर दिल्ली हाईकोर्ट की अगली सुनवाई पर है।

Read more

Related News