हिमाचल सरकार के चार साल: सुजानपुर से 2027 की पटकथा लिखेगी कांग्रेस, जश्न का आगाज

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: हिमाचल में कांग्रेस सरकार के चार साल का जश्न अब मिशन-2027 की राजनीतिक बिसात बिछाने का मंच बनने जा रहा है। 11 दिसंबर को हमीरपुर जिले के सुजानपुर में होने वाले समारोह में सरकार जहां अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखेगी, वहीं इसके बहाने विपक्ष को घेरने और पार्टी कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरने की रणनीति भी तैयार है।

सरकार इस आयोजन को उपलब्धियां गिनाने तक सीमित रखने के बजाय शक्ति प्रदर्शन का रूप देना चाहती है। हमीरपुर में भारी भीड़ जुटाकर कांग्रेस संगठनात्मक ताकत का संदेश देने की कोशिश करेगी।

सीएम ने बुलाई अहम बैठक

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने समारोह की तैयारियों को लेकर सोमवार को राज्य सचिवालय शिमला में अहम बैठक बुलाई है। इसमें सभी विभागों के सचिव और विभागाध्यक्ष शामिल होंगे। सरकार ने विभागों से चार साल की उपलब्धियों का पूरा ब्यौरा मांगा है। साथ ही अगले वर्ष की योजनाओं और प्राथमिकताओं का विजन भी तैयार करने को कहा है। विभागीय प्रस्तुतियों के आधार पर समारोह में सरकार चार साल के कामकाज का लेखा-जोखा और आगामी कार्ययोजना जनता के सामने रखेगी।

रिपोर्ट कार्ड पेश करेगी सरकार

सरकार के रिपोर्ट कार्ड में आम लोगों और किसानों से जुड़ी योजनाएं प्रमुखता से शामिल रहेंगी। किसानों से गेहूं, मक्की, अदरक और हल्दी की खरीद को बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश किया जाएगा। इन योजनाओं का दायरा बढ़ाने की मंशा भी सामने रखी जाएगी। इसके अलावा जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीण परिवारों, किसानों और आम लोगों को मिली राहत का ब्योरा दिया जाएगा। सरकार की कोशिश इन योजनाओं के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की होगी।

आपदा, राजनीतिक संकट और हिमाचल के अधिकारों का मुद्दा भी उठेगा

चार साल के कार्यकाल में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान, आर्थिक चुनौतियों और राजनीतिक संकट के घटनाक्रम को भी सरकार अपने राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनाएगी। मुख्यमंत्री हिमाचल के अधिकारों और प्रदेश के हितों की लड़ाई को प्रमुखता से उठा सकते हैं। राजनीतिक संकट के दौरान सरकार को अस्थिर करने के प्रयासों का उल्लेख कर भाजपा को निशाने पर लेने की भी तैयारी है। यानी समारोह में सरकार की उपलब्धियों के साथ उसके राजनीतिक संघर्ष का पक्ष भी जनता के सामने रखा जाएगा।

सुजानपुर का चयन भी राजनीतिक संदेश

समारोह के लिए सुजानपुर का चयन स्वयं में राजनीतिक महत्व रखता है। हमीरपुर मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के साथ पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और सांसद अनुराग ठाकुर का भी गृह जिला है। सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में इस क्षेत्र में बड़ा आयोजन कर कांग्रेस अपनी ताकत दिखाने के साथ भाजपा को भी राजनीतिक संदेश देना चाहती है। कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और बोर्ड-निगमों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों को अधिक से अधिक भीड़ जुटाने का जिम्मा दिया जाएगा। तैयारियां सरकार और संगठन, दोनों स्तरों पर चल रही हैं।

सरकार के पहले साल का समारोह धर्मशाला, दूसरे साल का बिलासपुर और तीसरे साल का जश्न मंडी में हुआ था। अब चौथे साल के आयोजन के लिए सुजानपुर चुना गया है। ऐसे में इस बार समारोह के मंच से चार साल का हिसाब देने के साथ 2027 की सियासी लड़ाई का आगाज करने की भी कोशिश होगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News