एक वोट से गिरी थी वाजपेयी सरकार, अब क्या फिर एनडीए में शामिल होगी डीएमके?

Share

- Advertisement -

National News: संसद में 132वां संविधान संशोधन विधेयक पास कराने के लिए डीएमके एनडीए की सबसे बड़ी सहयोगी बन सकती है। डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने शनिवार को परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि उनकी दो प्रमुख शर्तें मान ली गई हैं। डीएमके के पास लोकसभा में 22 सांसद हैं। उसके समर्थन से एनडीए दो तिहाई बहुमत के करीब पहुंच जाएगा।

डीएमके के साथ आठ लोकसभा सांसदों वाली एनसीपी एसपी भी इस विधेयक का समर्थन कर सकती है। लोकसभा में 30 नवंबर और 1 दिसंबर को विशेष सत्र की बैठक होनी है। राज्यसभा में 2 और 3 दिसंबर को बैठक होगी। इससे पहले अप्रैल में 131वां संविधान संशोधन विधेयक पेश किया गया था, लेकिन वह गिर गया था। डीएमके ने भी उसके विरोध में वोट किया था।

तमिलनाडु में टीवीके की सरकार को कांग्रेस का समर्थन मिला है। इसके बाद डीएमके इंडिया गठबंधन से अलग हो गई है। वह कांग्रेस से दूरी बनाकर चल रही है। डीएमके के लिए यह कोई नई बात नहीं है। डीएमके 1999 में वाजपेयी सरकार के समय एनडीए में रह चुकी है।

क्या एनडीए में शामिल हो जाएगी डीएमके?

सवाल यह है कि क्या डीएमके अब एनडीए का हिस्सा बन जाएगी। हिंदुत्व के मुद्दे पर डीएमके और बीजेपी का रुख बहुत अलग है। फिर भी डीएमके के एनडीए में आने पर कोई हैरानी नहीं जताई जा सकती है। 1999 में वाजपेयी सरकार में 12 सांसदों के साथ डीएमके भी शामिल थी।

जब एक वोट से गिर गई थी वाजपेयी सरकार

1998 में बीजेपी ने एआईएडीएमके के साथ मिलकर तमिलनाडु विधानसभा का चुनाव लड़ा था। दोनों के गठबंधन को बड़ी जीत मिली थी। उस समय एआईएडीएमके के 18 सांसद थे। लोकसभा में वह एनडीए की दूसरी सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी थी। उसी के समर्थन वापस लेने की वजह से एक वोट से वाजपेयी सरकार गिर गई थी।

1999 में जब लोकसभा चुनाव हुए, तो डीएमके और बीजेपी ने हाथ मिला लिए। एआईएडीएमके कांग्रेस के साथ हो गई। 2001 के विधानसभा चुनाव में एआईएडीएमके ने फिर बड़ी जीत हासिल की। 2004 में डीएमके ने एक बार फिर कांग्रेस का रुख किया। 2014 के चुनाव के अलावा डीएमके और कांग्रेस का साथ 2026 तक बना रहा।

हालांकि 2026 के विधानसभा चुनाव में हालात एकदम पलट गए। नई पार्टी टीवीके ने सरकार बनाई और कांग्रेस ने उसका समर्थन किया। इसके बाद से डीएमके ने कांग्रेस को गद्दार कहना शुरू कर दिया। अब अगर ऊंट बीजेपी की करवट बैठ जाए, तो कोई हैरानी नहीं होगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News