दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: दूसरी वरीयता के मतों ने बदली बाजी, आरजेडी के अनिल कुमार झा की हुई जीत

Share

- Advertisement -

Darbhanga News: दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में आरजेडी प्रत्याशी अनिल कुमार झा ने दूसरी वरीयता के मतों के सहारे जीत हासिल की है। पहली वरीयता की मतगणना के दौरान जनसुराज के मो. इम्तेयाज के मजबूत प्रदर्शन के चलते भाजपा के सर्वेश कुमार लगातार आगे रहे। हालांकि, मतगणना की एलिमिनेशन प्रक्रिया में इम्तेयाज के मतों के हस्तांतरण ने अनिल झा की जीत तय कर दी।

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम में दिलचस्प सियासी उलटफेर देखने को मिला है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रत्याशी अनिल कुमार झा ने कड़े मुकाबले के बाद जीत दर्ज की। मतगणना के शुरुआती दौर में जनसुराज के प्रत्याशी मो. इम्तेयाज ने आरजेडी के परंपरागत वोट बैंक में सेंध लगाकर मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया था, जिसके चलते अनिल झा लगातार 10 राउंड तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी सर्वेश कुमार से पिछड़ते रहे। लेकिन बाद में द्वितीय वरीयता के मतों के सहारे समीकरण पूरी तरह बदल गए।

पहले 10 राउंड तक भाजपा के सर्वेश कुमार रहे आगे

पहली वरीयता के मतों की गिनती के दौरान भाजपा के सर्वेश कुमार ने लगातार बढ़त बनाए रखी। अलग-अलग राउंड में उनके और अनिल झा के बीच एक हजार से डेढ़ हजार तक मतों का अंतर बना रहा। इस बढ़त की मुख्य वजह जनसुराज के प्रत्याशी मो. इम्तेयाज को मिले 10 हजार से अधिक वोट रहे। इम्तेयाज ने आरजेडी के पारंपरिक एमवाई समीकरण में सेंधमारी की, जिससे अनिल झा के लिए शुरुआती राउंड में बढ़त बनाना मुश्किल हो गया।

जनसुराज की जमीनी तैयारी ने बढ़ाई थी चुनौती

मो. इम्तेयाज स्थानीय निकाय चुनाव के अनुभव के आधार पर पिछले एक वर्ष से दरभंगा और मधुबनी की सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय थे। उनकी इसी जमीनी रणनीति के कारण आरजेडी के कद्दावर नेता मो. अली अशरफ फातमी, ललित यादव और अब्दुल बारी सिद्दीकी के प्रयासों के बावजूद वोट बैंक में बिखराव नहीं रुक सका और इम्तेयाज ने महत्वपूर्ण मत हासिल किए।

दूसरी वरीयता के मतों के हस्तांतरण से पलटा पासा

पहली वरीयता के वोटों में पिछड़ने के बाद चुनावी नतीजा दूसरी वरीयता के मतों की गिनती पर निर्भर हो गया। निर्वाचन नियमों के तहत जब एलिमिनेशन की प्रक्रिया शुरू हुई और मो. इम्तेयाज के मतों का द्वितीय वरीयता के आधार पर हस्तांतरण किया गया, तो उसका सबसे बड़ा फायदा आरजेडी उम्मीदवार को मिला। इम्तेयाज की दूसरी वरीयता के मतों ने अनिल कुमार झा को निर्णायक बढ़त दिला दी और अंततः उन्होंने जीत हासिल कर ली।

Read more

Related News