Patna News: अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने नेहा सिंह राठौड़ के साथ पॉडकास्ट में तेज प्रताप यादव और अनुष्का के रिश्ते पर सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि सिंदूर वाली तस्वीर और शादी का मामला कोर्ट में है, इसलिए अनुष्का खुद बोले तो बेहतर होगा। तेज प्रताप ने आरोपों का खंडन करते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव की तस्वीरें कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर सामने आई थीं, जिसके बाद बिहार की राजनीति में हलचल मच गई थी। इस मामले के बाद लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी और घर से अलग कर दिया था। अब अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने नेहा सिंह राठौड़ के पॉडकास्ट में तेज प्रताप और अनुष्का के रिश्ते को लेकर कई सवालों के जवाब दिए हैं।
लालू परिवार को लेकर आकाश यादव ने क्या कहा
पॉडकास्ट के एक अंश में आकाश यादव ने तेज प्रताप यादव के परिवार को लेकर कहा कि पूरा लालू परिवार अच्छा है, लेकिन परिवार के अंदर खराबी यह है कि वे कान के बहुत कच्चे हैं। उन्होंने कहा कि ये लोग खुद को राजा मानकर अपना कान कच्चा कर चुके हैं और इनके सलाहकार समिति के लोग विरोधियों से मिले हुए हैं।
तेज प्रताप के सोशल मीडिया अकाउंट से अनुष्का यादव और तेज प्रताप की तस्वीरें वायरल होने के बाद दोनों के बीच रिश्ते को लेकर आकाश यादव ने कहा कि तेज प्रताप उनके घर आए थे और घर से निकलते हुए उन्होंने मीडिया में बयान भी दिया था। तेज प्रताप ने उस वक्त यह भी कहा था कि ये हमारे परिवार के लोग हैं और हमें कोई यहां आने से रोक सकता है क्या? आकाश यादव ने कहा कि अगर किसी और ने उनके आईडी से फोटो पोस्ट किया था तो उन्हें साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि तेज प्रताप ने जो कुछ भी किया, उसकी वजह से उनके परिवार को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
पॉडकास्ट में जब आकाश यादव से पूछा गया कि अनुष्का और तेज प्रताप के रिश्तों के बारे में उन्हें कब जानकारी हुई, तो उन्होंने कहा कि जब कभी पहले उन्हें इन दोनों के बारे में पता चलता था तो वह असमंजस में रहते थे कि उन्हें विश्वास करना चाहिए या नहीं। लेकिन जब उन्हें सच्चाई पता चली तब उन्हें लगा कि तेज प्रताप यादव गलत कर रहे हैं। आकाश यादव ने कहा कि वह यह नहीं कह सकते कि तेज प्रताप यादव की ही सारी गलती है — गलती उनके परिवार की भी है और उनके परिवार की गलती वे भुगत रहे हैं। लेकिन गलती करके कोई बच नहीं सकता।
सिंदूर वाली तस्वीर और शादी पर क्या बोले आकाश
जब आकाश यादव से पूछा गया कि सिंदूर लगाकर जो फोटो वायरल हुई थी, तो क्या शादी एक कमरे में हुई या मंदिर में हुई, इस पर आकाश यादव ने कहा कि इन सारे सवालों को समय पर छोड़ दीजिए। उन्होंने कहा कि जब वह लड़की खुद बोलेगी तो वह ज्यादा बेहतर होगा और जब किसी व्यक्ति का मामला कोर्ट में चल रहा हो तो वह उन विषयों से बचना चाहते हैं।
क्या तेज प्रताप ने कभी अनुष्का को अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया, इस सवाल के जवाब में आकाश यादव ने कहा कि वह इतना जानते हैं कि जैसे वह तेज प्रताप यादव को अपने परिवार के रूप में देखते थे, वैसे ही देखते थे। उन्होंने कहा कि अगर अनुष्का ने तेज प्रताप को अपने पति के रूप में स्वीकारा तो वह अभी जेल जा सकते हैं।
जब आकाश से पूछा गया कि क्या उज्जैनी (अनुष्का यादव की बेटी) के जन्म के बाद उन लोगों से कोई संपर्क रहा, इस पर आकाश यादव ने कहा कि हम लोग गरीब लोग हैं, और गरीब लोगों के साथ अमीर लोगों का रिश्ता नहीं जुड़ता है। उन्होंने कहा कि वह चाहते भी नहीं हैं कि नकारात्मक मानसिकता वाले लोग उनसे जुड़ें।
तेज प्रताप ने आरोपों का खंडन किया
आकाश यादव की इन बातों पर तेज प्रताप यादव ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। तेज प्रताप यादव ने एक्स पर लिखा कि आकाश यादव द्वारा नेहा सिंह राठौड़ के चैनल पर दिए गए इंटरव्यू में उनके संबंध में लगाए गए आरोपों का वह कड़ा खंडन करते हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार एक ही बात को दोहराकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
तेज प्रताप ने कहा कि पूर्व में नेहा सिंह राठौड़ भी उनके पास इंटरव्यू लेने आई थीं और उस दौरान, उनके अनुसार, पैसे की मांग की गई थी, जिसके कारण उन्होंने इंटरव्यू देने से साफ इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा कि अब जिस प्रकार लगातार उनके विरुद्ध बयानबाजी की जा रही है, उससे उन्हें सुनियोजित साजिश की आशंका है।
तेज प्रताप ने कहा कि मखाना से जुड़े मामले में वह पहले ही सचिवालय थाने में शिकायत दर्ज करा चुके हैं और अब नेहा सिंह राठौड़ के मामले में भी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द से जल्द उचित कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि वह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान करते हैं, लेकिन किसी की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्हें देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास है और वह सत्य और सम्मान की लड़ाई कानूनी तरीके से लड़ेंगे।