Kushinagar News: कुशीनगर जिले के कसया क्षेत्र में एक ब्यूटीपार्लर संचालिका के साथ बदसलूकी करने और उसे आधी रात में जबरन गोरखपुर ले जाने के आरोप में दो सिपाहियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बुधवार को बताया कि दोनों सिपाहियों को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। उनकी बर्खास्तगी के लिए विभागीय कार्यवाही भी शुरू की गई है।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बताया कि मंगलवार को उनके जनता दर्शन कार्यक्रम में कसया नगर में ब्यूटीपार्लर संचालित करने वाली एक महिला ने शिकायत की। उसने कहा कि कसया थाने में तैनात सिपाही उमाशंकर यादव और महेंद्र सोमवार रात करीब दो बजे उसके घर पहुंचे। उन्होंने जबरदस्ती दरवाजा खुलवाया। दोनों उसे जबरन गोरखपुर स्थित एक ढाबे पर ले गए।
शिकायत के अनुसार वहां उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। फिर भोर में उसे कसया लाकर छोड़ दिया गया। ब्यूटीपार्लर संचालिका की शिकायत पर दोनों सिपाहियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। चार और पांच अगस्त की दरमियानी रात को यह घटना हुई थी।
भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 किसी महिला की लज्जा भंग करने के इरादे से उस पर हमला करने या आपराधिक बल का प्रयोग करना के तहत मामला दर्ज है। धारा 140 तीन अपहरण धारा 351 दो आपराधिक धमकी धारा 352 शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर किसी व्यक्ति का अपमान करना भी शामिल है।
धारा 324 चार उपद्रव या शरारत और धारा 331 चार सूर्यास्त के बाद और सूर्योदय से पहले किसी अपराध को अंजाम देने के लिए छिपकर घर में घुसना या सेंधमारी घर तोड़ना के तहत भी मामला दर्ज किया गया। दोनों सिपाहियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले की विस्तृत जांच भी करायी जा रही है।