Chennai News: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर गोदावरी-कावेरी-गुंडार नदी जोड़ो परियोजना को तेजी से लागू करने की मांग की है। उन्होंने इस परियोजना को ‘राष्ट्रीय महत्व की परियोजना’ घोषित करने की अपील करते हुए प्रधानमंत्री से सीधे हस्तक्षेप का अनुरोध किया है।
राज्य में गहराया पेयजल और सिंचाई का संकट
मुख्यमंत्री विजय ने पत्र में लिखा कि तमिलनाडु में सतही जल की भारी कमी है और राज्य 30 प्रतिशत से अधिक पानी की जरूरतों के लिए पड़ोसी राज्यों पर निर्भर है। कई इलाकों में भूजल स्तर खतरनाक स्तर तक गिर चुका है। पुदुकोट्टई, शिवगंगा, रामनाथपुरम और विरुधुनगर जैसे दक्षिणी जिले पानी की गंभीर किल्लत से जूझ रहे हैं।
सीएम विजय ने बताया कि बाढ़ के पानी को जल संकट वाले क्षेत्रों में मोड़ना ही स्थायी समाधान है। राष्ट्रीय जल विकास एजेंसी द्वारा तैयार इस योजना से तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने प्रोजेक्ट की फंडिंग और क्रियान्वयन के लिए स्पेशल पर्पज व्हीकल (SPV) बनाने का सुझाव भी दिया।
पीएम मोदी के समक्ष रखीं प्रमुख मांगें
मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री से अपील की है कि वे जल शक्ति मंत्रालय और एनडब्ल्यूडीए को संबंधित राज्यों के साथ बातचीत तेज करने का निर्देश दें। इसके अलावा कावेरी नदी पर बने कट्टलाई बैराज तक लिंक के विस्तार को जल्द अंतिम रूप दिया जाए और इस प्रोजेक्ट को फास्ट ट्रैक आधार पर पूरा किया जाए।
उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए राज्यों के बीच के मतभेद आपसी बातचीत से सुलझाए जा सकते हैं। इस परियोजना से दक्षिण भारत के एक बड़े हिस्से को सूखा राहत मिलने और कृषि उत्पादकता बढ़ने की उम्मीद है। तमिलनाडु सरकार इस दिशा में केंद्र के पूर्ण सहयोग की उम्मीद कर रही है।