Mumbai News: परिसीमन विधेयक पर एनडीए सरकार का समर्थन करने के शरद पवार के ऐलान के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस ने उन पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने याद दिलाया कि मार्च 2026 में पार्टी और महा विकास आघाड़ी ने किस तरह उन्हें राज्यसभा भेजने में मदद की थी।
परिसीमन विधेयक पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार द्वारा एनडीए सरकार को समर्थन देने के ऐलान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में तकरार बढ़ गई है। कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर शरद पवार को याद दिलाया कि पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजने में सहयोग दिया था।
30 नवंबर को लोकसभा का विशेष सत्र
परिसीमन विधेयक को पारित कराने के लिए 30 नवंबर को लोकसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। लोकसभा में शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के 8 सांसद हैं।
महाराष्ट्र कांग्रेस ने पोस्ट में क्या कहा
कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने अपने पोस्ट में कहा कि मार्च 2026 में महाराष्ट्र की राज्यसभा की 7 सीटों के लिए चुनाव होने थे। पोस्ट के अनुसार, उस समय शरद पवार की पार्टी के पास 10 विधायक थे, जबकि एक उम्मीदवार की जीत के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। उस वक्त कांग्रेस के पास 16 और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पास 20 विधायक थे।
कांग्रेस ने बताया कि सांसद सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस नेतृत्व से समर्थन मांगा था। इसके बाद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने समर्थन देने पर सहमति दी और कांग्रेस ने अपनी सीट पर दावा छोड़कर शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया। बाद में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने भी साथ दिया और महा विकास आघाड़ी ने सर्वसम्मति से उनकी उम्मीदवारी को मंजूरी दी।
पोस्ट में सवाल उठाया गया है कि जिस कांग्रेस ने शरद पवार के लिए अपनी सीट का दावा छोड़ा, अब परिसीमन कानून के मुद्दे पर उनकी पार्टी की ओर से भाजपा सरकार को समर्थन दिए जाने की बात सामने आ रही है।