National News: भारतीय रेलवे ने रेल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब तक सिर्फ आईआरसीटीसी से ऑनलाइन ई-टिकट लेने वालों को मिलने वाला वैकल्पिक दुर्घटना बीमा अब रेलवे काउंटर से टिकट लेने वाले यात्रियों को भी मिलेगा। कोर्ट के आदेश के बाद यह नई व्यवस्था मंगलवार से प्रभावी हो रही है।
इस वैकल्पिक बीमा सुविधा के अंतर्गत यात्रियों को मात्र 45 पैसे के मामूली प्रीमियम पर 10 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर दिया जाएगा। किसी अप्रिय ट्रेन दुर्घटना में यात्री की मृत्यु या पूर्ण स्थायी दिव्यांगता होने पर 10 लाख और आंशिक दिव्यांगता पर 7.50 लाख रुपये मुआवजे का प्रावधान रखा गया है।
डिजिटल पेमेंट और सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज कराना जरूरी
इसके अलावा अस्पताल में उपचार के लिए दो लाख रुपये और शव ले जाने के लिए 10 हजार रुपये की सहायता राशि तय की गई है। काउंटर पर इस सुविधा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को डिजिटल माध्यम से भुगतान करना होगा। साथ ही टिकट फॉर्म में अपना सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज कराना भी अनिवार्य होगा।
जो यात्री यह वैकल्पिक बीमा नहीं लेना चाहते, उन्हें आरक्षण फॉर्म में स्पष्ट रूप से ‘NO’ का विकल्प चुनना होगा। हालांकि नकद भुगतान करने वाले कई यात्रियों ने इस नियम पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि दुर्घटना का जोखिम सभी के लिए बराबर होता है, इसलिए कैश टिकट लेने वालों को भी यह सुरक्षा मिलनी चाहिए।