Sultanpur News: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ करीब आठ साल पुराने मानहानि मामले में आज सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट फैसला सुनाएगी। इस अहम फैसले को लेकर राहुल गांधी अपने दिल्ली स्थित आवास से सुल्तानपुर के लिए रवाना हो चुके हैं और उनके आज सुबह 11 बजे दीवानी न्यायालय पहुंचने का कार्यक्रम है। अदालत के इस फैसले के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी के स्थानीय नेताओं द्वारा कोर्ट परिसर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
यह पूरा मामला कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान दिए गए एक बयान से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, राहुल गांधी ने एक चुनावी सभा में बयान दिया था कि भले ही बीजेपी साफ-सुथरी राजनीति का दावा करती है, लेकिन इसकी कमान एक ऐसे व्यक्ति के हाथों में है जो हत्या के मामले में आरोपी हैं। उस समय अमित शाह बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। यह टिप्पणी 2005 के सोहराबुद्दीन शेख फर्जी एनकाउंटर मामले के संदर्भ में की गई थी, हालांकि 2014 में मुंबई की एक विशेष सीबीआई अदालत ने अमित शाह को इस मामले से आरोपमुक्त कर दिया था।
बीजेपी नेता विजय मिश्रा ने दर्ज कराया था परिवाद
इस बयान से आहत होकर बीजेपी नेता विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का परिवाद दायर किया था, जिसे स्वीकार करते हुए अदालत ने मुकदमा चलाने का आदेश दिया था। मामले की सुनवाई के दौरान राहुल गांधी अदालत में अपना बयान दर्ज करवा चुके हैं और फिलहाल जमानत पर चल रहे हैं।
पिछले साल जारी हुआ था वारंट
शिकायतकर्ता का तर्क था कि राहुल गांधी के इस बयान से मानहानि हुई और पार्टी के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची। पिछले साल व्यक्तिगत रूप से पेश न होने पर अदालत ने उनके खिलाफ वारंट भी जारी किया था। इसके बाद 20 फरवरी 2024 को राहुल गांधी ने सुल्तानपुर अदालत में पेश होकर आत्मसमर्पण किया था, जहां अदालत ने 25-25 हजार रुपये की दो जमानत राशि जमा कराने के बाद उनकी जमानत मंजूर कर ली थी। अब इसी बहुचर्चित मामले में आज अदालत अपना फैसला सुनाएगी।