Delhi News: केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय में बड़ा फेरबदल करते हुए प्रह्लाद जोशी को नया शिक्षा मंत्री नियुक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जोशी को इस मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था। इस बड़े फैसले के बाद केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय के प्रशासनिक कामकाज में तेजी से बदलाव की उम्मीद की जा रही है ।
पूरी निष्ठा से निभाऊंगा जिम्मेदारी: प्रह्लाद जोशी
शिक्षा मंत्री का पदभार संभालने के बाद प्रह्लाद जोशी ने कहा कि वह इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को पूरी विनम्रता और कर्तव्य की भावना के साथ निभाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन में काम करने की बात कही।
जोशी ने पूर्व मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने और शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों की भी सराहना की। गौरतलब है कि जोशी वर्तमान में उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण के साथ ऊर्जा मंत्रालय भी संभाल रहे हैं ।
NEET विवाद के बीच धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
धर्मेंद्र प्रधान ने NEET परीक्षा में कथित धांधली को लेकर देशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच अपना इस्तीफा सौंपा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने छात्रों के हित में यह कदम उठाया है ।
प्रधान ने जोर दिया कि विरोध प्रदर्शनों का फायदा राष्ट्रविरोधी ताकतें न उठा सकें और देश के युवाओं का भविष्य कानूनी पेचीदगियों में न फंसे। उन्होंने छात्र हित को सर्वोपरि बताते हुए अपना पद छोड़ने का निर्णय लिया ।
जंतर-मंतर पर 49 दिनों का प्रदर्शन समाप्त
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और दर्ज एफआईआर वापस लेने के आश्वासन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने आंदोलन समाप्त कर दिया है। जंतर-मंतर पर पिछले 49 दिनों से चल रहा यह प्रदर्शन सरकारी प्रतिनिधियों से बातचीत के बाद वापस लिया गया ।
समूह के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि वे सद्भावना के तहत आंदोलन वापस ले रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि सरकार तय समय सीमा के भीतर आंदोलनकारियों की शर्तों को पूरा कर अपनी प्रतिबद्धता दिखाएगी ।