नितिन गडकरी ने घटाया 46 किलो वजन, कोविड के बाद बदली लाइफस्टाइल और रोजाना ढाई घंटे करने लगे कसरत

Share

- Advertisement -

Nagpur News: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपनी दिनचर्या और खान-पान में बड़ा बदलाव करके अपना वजन करीब 46 किलो तक कम किया है। कोविड महामारी के बाद उन्होंने अपनी सेहत पर ध्यान देना शुरू किया। उन्होंने बताया कि नियमित कसरत और सही रूटीन के कारण यह संभव हो सका है।

नितिन गडकरी ने बताया कि पहले उनका वजन लगभग 135 किलो तक पहुंच गया था। अब उनका वजन घटकर करीब 89 किलो रह गया है। व्यस्त दिनचर्या और देर रात तक काम करने के बावजूद वे रोजाना सुबह 7 बजे उठ जाते हैं और लगभग ढाई घंटे तक एक्सरसाइज करते हैं।

यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए एक वीडियो में केंद्रीय मंत्री ने अपने नए रूटीन के बारे में खुलकर बातचीत की। उन्होंने कहा, “फिर मैं सुबह 7 बजे उठता हूं और ढाई घंटे तक कसरत करता हूं। एक समय मेरा वज़न 135 किलो था, और अब मेरा वज़न 89 किलो है।”

गडकरी ने अपनी पुरानी जीवनशैली को पूरी तरह से अव्यवस्थित और अनुशासनहीन बताया। उन्होंने कहा, “मेरी ज़िंदगी बहुत अव्यवस्थित और अनुशासनहीन थी।” उन्होंने स्पष्ट किया कि कसरत अब उनके जीवन का एक बहुत जरूरी हिस्सा बन चुकी है, जिसे वे रोज नियम से पूरा करते हैं।

केंद्रीय मंत्री के लिए कोविड महामारी उनकी सेहत के प्रति एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई। महामारी के दौरान उन्होंने अपने कुछ बेहद करीबी दोस्तों को खो दिया था। इस दुखद अनुभव ने उन्हें एहसास कराया कि अपनी सेहत की अनदेखी करना बिल्कुल भी ठीक नहीं है।

अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा, ‘कोविड के दौरान, मेरे साथ रहने वाले दोस्त गुज़र गए। तब मुझे लगा कि मुझे बदलना होगा। सेहत ही दौलत है।’ इस घटना के बाद ही उन्होंने अपने जीवन में बड़ा बदलाव लाने और वजन कम करने का सख्त फैसला लिया।

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि खान-पान की आदतें, पर्याप्त नींद, मानसिक तनाव, दवाएं और कुल कैलोरी का सेवन भी वजन पर असर डालते हैं। सेहतमंद रहने के लिए जीवनशैली में बदलाव करना बेहद जरूरी है। अनुशासन अपनाकर कोई भी अपनी सेहत में सुधार ला सकता है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News