Patna News: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर बिहार की राजधानी पटना में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्र नेताओं पर पटना पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछार करने के साथ लाठीचार्ज किया।
गांधी मैदान के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोका
प्रदर्शनकारी छात्र ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के बैनर तले एकजुट हुए थे। वे लोक भवन मार्च निकाल रहे थे। राज्यपाल आवास से करीब तीन किलोमीटर दूर गांधी मैदान के पास पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग किया।
भाकपा (माले) लिबरेशन के विधायक संदीप सौरभ इस मार्च का नेतृत्व कर रहे थे। उन्होंने कहा कि छात्र मोदी सरकार को उसकी जिम्मेदारी का एहसास कराने सड़कों पर उतरे हैं। उनकी मांग है कि धर्मेंद्र प्रधान के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें।
गृह मंत्री अमित शाह से भी इस्तीफे की मांग
संदीप सौरभ ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्री के निर्देश पर जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन का दमन किया था। पुलिस ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस प्रदर्शन के सिलसिले में कितने लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस कार्रवाई से छात्रों में काफी आक्रोश है।
जंतर-मंतर पर दूसरे महीने में पहुंचा कॉजपा का आंदोलन
दूसरी तरफ नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शनकारी बुधवार को भी धरने पर डटे रहे। प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ उनका आंदोलन अब दूसरे महीने में प्रवेश कर गया है। छात्र लगातार परीक्षा प्रणाली में सुधार और जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं।