National News: हिंदू पंचांग के अनुसार साल 2026 में मार्गशीर्ष मास की शुरुआत बुधवार, 25 नवंबर से हो रही है और यह पवित्र महीना 23 दिसंबर को समाप्त होगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह महीना भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की साधना के लिए सर्वोत्तम माना गया है, इसलिए श्रद्धालु इस दौरान व्रत, भजन-कीर्तन और पवित्र नदी में स्नान करते हैं।
हिंदू धर्म में मार्गशीर्ष मास का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। पंचांग के अनुसार यह वर्ष का नौवां महीना होता है, जिसे लोकभाषा में ‘अगहन मास’ भी कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह महीना भगवान श्री हरि विष्णु और उनके अवतार भगवान श्रीकृष्ण की साधना-आराधना के लिए सर्वोत्तम माना गया है।
श्रीकृष्ण से जुड़ा है मार्गशीर्ष माह का खास संबंध
मार्गशीर्ष महीने का संबंध मृगशिरा नक्षत्र से भी है। ज्योतिष के अनुसार 27 नक्षत्र माने गए हैं, जो चंद्रमा की पत्नियां हैं। इन्हीं 27 नक्षत्रों में से एक नक्षत्र का नाम मृगशिरा है। मगसर महीने की पूर्णिमा मृगशिरा नक्षत्र से युक्त होती है, इसलिए इस महीने को मार्गशीर्ष मास कहा जाता है।
श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान कृष्ण स्वयं कहते हैं- ‘मासानां मार्गशीर्षोऽहम्’, अर्थात समस्त महीनों में मार्गशीर्ष मेरा ही स्वरूप है। इस माह में श्रीकृष्ण के केशव स्वरूप की पूजा की जाती है। श्रीकृष्ण को अपना बनाने के लिए केवल प्रेम की साधना ही पर्याप्त है। मार्गशीर्ष महीने में प्रेम भाव से श्रीकृष्ण को पुकारें। कृष्ण भक्ति शाखा में माना जाता है कि मंत्रों से भी ज्यादा महत्व कीर्तन और भजन का होता है। स्कंदपुराण में कहा गया है कि श्री राधा-कृष्ण की कृपा पाने वाले श्रद्धालुओं को अगहन माह में व्रत-उपवास और भजन-कीर्तन करते रहना चाहिए। संध्याकाल में श्रीराधाकृष्ण की आराधना और भजन-कीर्तन अवश्य करें।
मार्गशीर्ष माह में करें ये काम
इस महीने में शंख पूजा करें। सारा महीना जीरा नहीं खाना चाहिए। तेल मालिश शुभ फल देती है। वसायुक्त भोजन खाना चाहिए। प्रतिदिन गीता का पाठ करें। किसी पवित्र नदी में स्नान का विशेष महत्व है।
मार्गशीर्ष माह में न करें ये काम
इस महीने में तामसिक भोजन और नशीली वस्तुओं से परहेज करें। असत्य न बोलें। छल-कपट से बचें। किसी का अपमान न करें।
मार्गशीर्ष मास में श्रीकृष्ण, भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी, तुलसी और शंख की विशेष पूजा की जाती है।