जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और भूस्खलन से तबाही, जम्मू-श्रीनगर हाईवे लगातार दूसरे दिन बंद और 23 लोगों की मौत

Share

Jammu News: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन से हालात काफी बिगड़ गए हैं। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार दूसरे दिन भी बंद रहा। पिछले 5 दिनों से जारी मूसलाधार बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है और 600 से अधिक गाड़ियां फंसी हैं।

हाईवे पर भूस्खलन और राहत बचाव अभियान

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उधमपुर से रामबन के बनिहाल तक कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। पहाड़ियों से पत्थर गिरने और सड़क धंसने के कारण ट्रैफिक पूरी तरह ठप्प है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें सड़कों से मलबा हटाने और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के काम में लगातार जुटी हुई हैं।

पुंछ और राजौरी जिलों में लापता 7 लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। डोडा-किश्तवाड़ मार्ग भी भूस्खलन के चलते बंद है। हालांकि, मुगल रोड और श्रीनगर-सोनमर्ग रास्ते पर आवाजाही जारी है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश राहत और बचाव कार्यों में अधिकारियों के लिए बड़ी चुनौती बन रही है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार तक बारिश का अलर्ट जारी किया

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शुक्रवार को भी भारी बारिश हो सकती है। जम्मू संभाग और दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश जारी रहने का अनुमान है। प्रशासन ने लोगों से मौसम ठीक होने तक बिना वजह यात्रा न करने की सख्त अपील की है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News