गढ़मुक्तेश्वर में शरद पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, ब्रजघाट समेत तीन घाटों पर हजारों ने लगाई गंगा की डुबकी

Share

- Advertisement -

Hapur News: हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर तीर्थ नगरी ब्रजघाट, कच्चा घाट लठीरा और पुष्पावती पूठ में श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। ब्रह्म मुहूर्त से शुरू हुए स्नान के दौरान घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। हाईवे पर वाहनों के दबाव से यातायात धीमा रहा।

गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र अंतर्गत तीन प्रमुख स्थलों—तीर्थ नगरी ब्रजघाट, कच्चा घाट लठीरा और पुष्पावती पूठ में शरद पूर्णिमा पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त से ही गंगा स्नान का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे हर-हर गंगे के जयकारों, शंख ध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार से संपूर्ण गंगा तट भक्तिमय बना रहा।

गंगा स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने तट पर स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर, श्रीराधा कृष्ण मंदिर, वेदांत मंदिर, अमृत परिसर, नक्का कुआं मंदिर और श्री कल्याणेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। कई श्रद्धालुओं ने गंगा किनारे श्री सत्यनारायण भगवान की कथा का श्रवण किया और जरूरतमंदों में अन्न, वस्त्र एवं धन का दान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

मोटर बोट से गश्त और गोताखोरों की तैनाती

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए लाउडस्पीकर से निरंतर घोषणाएं की जा रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर मोटर बोट के जरिए जल पुलिस लगातार गश्त कर रही है और प्रमुख स्थानों पर गोताखोर तैनात किए गए हैं। सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी घाटों और आसपास के इलाकों में नजर बनाए हुए हैं।

हाईवे पर रेंगते रहे वाहन, सीसीटीवी से निगरानी

हाईवे से लेकर पार्किंग स्थलों और गंगा घाटों तक पुलिस बल मुस्तैद रहा। पूरे मेला क्षेत्र पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जा रही है। श्रद्धालुओं की संख्या अत्यधिक होने के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहन धीमी गति से चले। स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रविवार शाम से ही ब्रजघाट पहुंचने लगे थे, जिसके चलते क्षेत्र के अधिकांश होटल और धर्मशालाएं पहले ही भर चुकी थीं।

Read more

Related News