Delhi News: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने रविवार को घोषणा की कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर सामान्य कामकाज फिर से शुरू हो गया है। NEET पेपर लीक विवाद को लेकर जारी देशव्यापी विरोध-प्रदर्शनों के कारण कई अस्थायी पाबंदियां लगाई गई थीं, जिन्हें अब पूरी तरह से हटा दिया गया है।
चरणबद्ध तरीके से हटाई गईं मेट्रो स्टेशनों पर पाबंदियां
DMRC ने X पर एक पोस्ट के जरिए सेवाओं के पूरी तरह सामान्य होने की पुष्टि की है। अधिकारियों ने सेंट्रल दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर धीरे-धीरे पाबंदियां हटाईं। शनिवार शाम जनपथ मेट्रो स्टेशन के एंट्री गेट खोले गए थे, जबकि इससे पहले राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट को खोला गया था।
इससे पहले शनिवार को दिल्ली मेट्रो प्रशासन ने जंतर-मंतर पर चल रहे तेज विरोध प्रदर्शन को देखते हुए 18 मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया था। इनमें राजीव चौक, पटेल चौक, लोक कल्याण मार्ग, मंडी हाउस, सुप्रीम कोर्ट, ITO और नई दिल्ली जैसे बेहद प्रमुख स्टेशन शामिल थे।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद मिली यात्रियों को राहत
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के अपने पद से त्यागपत्र देने के बाद मेट्रो सेवाओं को पूरी तरह सामान्य करने का फैसला लिया गया। शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई, जिसके बाद DMRC ने एडवाइजरी जारी कर नेटवर्क के सभी द्वार खोलने की सूचना दी।
अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा कारणों से लगाई गई अस्थायी रोक के हटने के बाद दिल्ली मेट्रो का संचालन पूरे नेटवर्क में सामान्य हो गया है। पाबंदियां हटने और सभी एंट्री-एग्जिट गेट खुलने से दिल्ली-एनसीआर में रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों ने राहत की सांस ली है।