यमुनानगर में ‘नशे से जंग’ मैराथन को सीएम नायब सैनी ने दिखाई हरी झंडी, युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील

Share

- Advertisement -

Yamunanagar News: हरियाणा के यमुनानगर में नशे के खिलाफ एक भव्य जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई है। राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘नशे से जंग, यमुनानगर के संग’ मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया ।

मैराथन के दौरान पूरे शहर में देशभक्ति और ऊर्जा का जबरदस्त माहौल देखने को मिला। हजारों युवाओं ने एक साथ आकर नशे के खिलाफ एकजुट होकर समाज में नशामुक्ति का कड़ा संदेश दिया।

युवाओं को देश की असली ताकत बताते हुए सीएम ने दिया संदेश

मंच से युवाओं और आम जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश की असली ताकत हमारे युवा ही हैं। उन्हें नशे से दूर रहकर हमेशा स्वस्थ रहना चाहिए और देश की सेवा करनी चाहिए ।

सीएम ने युवाओं से देश की एकता व अखंडता के लिए समर्पित होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि माता-पिता को बच्चों के साथ समय बिताना चाहिए।

माता-पिता के संवाद और योग के महत्व पर दिया विशेष जोर

सीएम ने कहा कि अक्सर अकेलापन ही बच्चों को गलत दिशा और नशे की ओर ले जाता है, इसलिए संवाद ही इसका सबसे बड़ा समाधान है। उन्होंने पीएम मोदी के प्रयासों की भी जमकर सराहना की ।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण पूरा विश्व 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाता है। मैराथन में 1 लाख से अधिक छात्रों, अधिकारियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया ।

पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों का बढ़ाया हौसला

जैसे ही मैराथन की शुरुआत हुई, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंच से दौड़ रहे प्रतिभागियों पर फूल बरसाकर उनका हौसला बढ़ाया। इस दृश्य ने वहां मौजूद सभी लोगों में नया उत्साह भर दिया ।

प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में यह मैराथन सफलता के साथ पूरी हुई। पूरे जिले में इस नशा विरोधी अभियान को लेकर लोगों के बीच भारी उत्साह देखने को मिला ।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News