Karnal News: हरियाणा के करनाल शहर की एक कॉलोनी में सात माह के मासूम बच्चे को छह लाख रुपये में बेचने की खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दिल्ली निवासी नेहा पाठक को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर भेजा है।
झांसा देकर समालखा ले गई महिला
पीड़िता के अनुसार उसने प्रेम विवाह किया था और उसके दो बच्चे हैं। बीते 21 जुलाई को कमलेश नाम की महिला उसकी मां के साथ घर पहुंची। उसने मोबाइल से बच्चे की तस्वीर खींची और किसी काम के बहाने उसे बच्चे सहित समालखा चलने के लिए तैयार कर लिया। मां के कहने पर वह उनके साथ चली गई।
समालखा पहुंचने पर कमलेश ने दिल्ली निवासी नेहा पाठक को वहां बुलाया। नेहा के साथ कार में तीन अन्य लोग मौजूद थे, जिनमें से एक को बार-बार राशिद खान कहा जा रहा था। पीड़िता का आरोप है कि नेहा ने कमलेश को अलग ले जाकर कुछ पैसे दिए, जिसके बाद उसकी मां और कमलेश वहां से तुरंत चले गए।
मां की सूझबूझ से बची बच्चे की जान
इसके बाद नेहा पाठक ने महिला से कहा कि उसने उसके बेटे को छह लाख रुपये में खरीद लिया है और अब बच्चा उसके हवाले कर दे। यह सुनते ही महिला ने हिम्मत दिखाई और सूझबूझ का परिचय दिया। उसने आरोपियों से कहा कि वह करनाल पहुंचकर बच्चा उन्हें सौंप देगी।
इसी बहाने से वह अपने सात माह के मासूम को लेकर वहां से सुरक्षित निकलने में कामयाब रही। करनाल पहुंचकर पीड़िता ने तुरंत पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब गिरोह के अन्य तीन सदस्यों की तलाश कर रही है और मामले की गहराई से जांच में जुटी है।