Jammu News: लगातार छह दिनों तक खराब मौसम के कारण रुकी रहने के बाद शनिवार को अमरनाथ यात्रा दोबारा शुरू हो गई है। मौसम में सुधार और राष्ट्रीय राजमार्ग खुलने के बाद जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से 6,269 श्रद्धालुओं का नया जत्था बालटाल के लिए रवाना हुआ। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
बालटाल मार्ग से रवाना हुआ अमरनाथ यात्रा का 18वां जत्था
यात्रा के 18वें जत्थे में कुल 6,269 श्रद्धालु शामिल हैं। इनमें 1,470 महिलाएं, 25 बच्चे और 54 साधु शामिल हैं। यह जत्था 223 वाहनों के काफिले में तड़के सुबह करीब 2:40 बजे रवाना हुआ। प्रशासन ने इस बार सभी श्रद्धालुओं को केवल बालटाल मार्ग से ही भेजा है और पहलगाम मार्ग से किसी को नहीं जाने दिया।
मौसम और राष्ट्रीय राजमार्ग खुलने के बाद मिली यात्रा को मंजूरी
जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश और खराब मौसम के चलते 19 जुलाई को यात्रा रोक दी गई थी। बारिश की वजह से 48 किलोमीटर लंबे पहलगाम और 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग पर भूस्खलन का खतरा बन गया था। उधमपुर-रामबन क्षेत्र में राजमार्ग साफ होने और मौसम सुधरने के बाद ही अधिकारियों ने यात्रा फिर से शुरू कराई।
अब तक 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 2 जुलाई को पहले जत्थे को जम्मू से रवाना किया था, जबकि 3 जुलाई को कश्मीर में औपचारिक शुरुआत हुई थी। यह यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन समाप्त होगी। अब तक लगभग 4 लाख श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं और 1.20 लाख यात्री जम्मू से रवाना हुए हैं।