Delhi News: सेना में चार साल की सेवा पूरी करने वाले पूर्व अग्निवीरों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। सरकार ने सीएपीएफ और असम राइफल्स की भर्तियों में सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए 50 प्रतिशत तक आरक्षण देने का फैसला किया है। गृह मंत्रालय ने संसद में इसकी लिखित जानकारी साझा की है।
सरकार द्वारा दिए गए आंकड़ों के अनुसार बीएसएफ, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ और एसएसबी में अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत कोटा तय किया गया है। इसके अतिरिक्त सीआरपीएफ की पूर्व-अग्निवीर बटालियन में कांस्टेबल जीडी और असम राइफल्स में राइफलमैन पदों पर 50 फीसदी सीटें आरक्षित रहेंगी।
उम्र सीमा, परीक्षा और फिजिकल टेस्ट में राहत
गृह मंत्रालय ने बताया कि पूर्व अग्निवीरों को अधिकतम उम्र सीमा में तीन साल की छूट मिलेगी। पहले बैच के युवाओं को पांच वर्ष की राहत दी जाएगी। इसके अलावा उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा और फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट में भी छूट का प्रावधान किया गया है।
इस कदम का उद्देश्य सैन्य सेवा की ट्रेनिंग और कौशल का सदुपयोग करना है। इससे युवा सुरक्षा बलों के माध्यम से देश सेवा जारी रख सकेंगे। वहीं नौसेना ने 75 प्रतिशत और थल-वायु सेना ने 50 फीसदी अग्निवीरों को स्थायी करने का सुझाव दिया है, जो अभी विचाराधीन है।