टांडा मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर से छेड़छाड़ पर सीएम सुक्खू का कड़ा एक्शन, आरोपी लैब तकनीशियन सस्पेंड

Share

- Advertisement -

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित टांडा मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ हुई कथित छेड़छाड़ के मामले में राज्य सरकार ने कड़ा संज्ञान लिया है। डॉक्टरों के कड़े विरोध के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देश पर आरोपी लैब तकनीशियन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

बीते सप्ताह डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा में एक प्रशिक्षु महिला डॉक्टर के साथ दुर्व्यवहार की घटना सामने आई थी। मुख्यमंत्री सुक्खू ने शिमला लौटते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़ी कार्रवाई के आदेश जारी किए, जिसके बाद प्रशासन ने त्वरित प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को निलंबित कर दिया।

स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंघमार ने लैब तकनीशियन के निलंबन की आधिकारिक पुष्टि की है। घटना के बाद से ही परिसर में सुरक्षा बढ़ाने और दोषी पर सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही थी। रेजीडेंट डॉक्टर संगठन के महासचिव डॉ. आर्यन गैलेरिया के अनुसार, 28 सितंबर को प्रसूति विभाग में आपात स्थिति बनी थी।

गंभीर मरीज के लिए खून मांगने पर ब्लड बैंक कर्मचारी ने इनकार किया और महिला डॉक्टर को स्वयं बुलाया। डॉक्टर के वहां पहुंचने पर उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी और छेड़छाड़ की गई। सरकार ने स्पष्ट किया है कि कार्यस्थल पर महिला कर्मचारियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

मामले में एक सप्ताह तक कार्रवाई न होने पर अस्पताल में आक्रोश बढ़ गया था। अस्पताल प्रबंधन बैठकों का हवाला देता रहा, जबकि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अदालत में पीड़िता के बयान भी दर्ज हो चुके हैं। पुलिस अब मामले की विस्तृत पड़ताल कर रही है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News