Solan News: राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर वाकनाघाट के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में कार चालक की दर्दनाक मौत हो गई। शिमला की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार डिवाइडर फांदकर दूसरी लेन में जा पहुंची और सामने से आ रहे सेना के ट्रक से जा टकराई। हादसे की पुष्टि एएसपी सोलन रमेश शर्मा ने की है।
सेना के ट्रक से हुई जोरदार टक्कर, मशक्कत के बाद निकाला बाहर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार काफी पीछे तक जा गिरी और चालक वाहन के भीतर बुरी तरह फंस गया। मौके पर मौजूद सेना के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए चालक को तुरंत आईजीएमसी शिमला ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।