Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण चिकनी खड्ड में एक कृत्रिम झील बन गई। इससे 4 पंचायतों के ग्रामीणों पर बड़ा खतरा मंडराने लगा था। हालांकि नालागढ़ प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए पानी की निकासी शुरू करवा दी है।
कुमारहट्टी के पास चिकनी खड्ड में भूस्खलन होने से भारी जलभराव हो गया था, जिससे ग्रामीण काफी डरे हुए थे। प्रशासन ने जल निकासी का काम तेजी से शुरू कर बहाव सामान्य किया है। अधिकारियों ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताते हुए स्थानीय लोगों से न घबराने की अपील की है।
उपमंडलाधिकारी (ना.) नालागढ़ नरेंद्र कुमार आहलूवालिया ने बताया कि पानी निकालने के प्रशासनिक प्रयास सफल रहे हैं। वैकल्पिक निकासी व्यवस्था के जरिए पानी अब धीरे-धीरे बाहर निकल रहा है। उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए किसी भी नागरिक को पैनिक करने या घबराने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है।
सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने लोगों को चिकनी खड्ड से उचित दूरी बनाए रखने की सख्त चेतावनी दी है। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे आसपास के अन्य लोगों को भी खड्ड के नजदीक जाने से रोकें, ताकि किसी भी अनहोनी घटना से बचा जा सके।
एसडीएम ने जोर देकर कहा कि लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। टीम पूरे घटनाक्रम पर लगातार अपनी नजर बनाए हुए है। इसके अलावा स्थानीय लोगों को जागरूक करने और सही जानकारी देने के लिए प्रशासन ने पानी की निकासी से जुड़ा एक वीडियो भी साझा किया है।