Rampur News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले स्थित रामपुर में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सनेई से रामपुर आ रही हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एचआरटीसी) की बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना के वक्त बस में 20 यात्री सवार थे, जिनमें से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासियों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने अपने निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (एमजीएमएससी) खनेरी पहुंचाया। आपातकालीन स्थिति को देखते हुए खनेरी अस्पताल में डॉक्टरों की टीम को तुरंत अलर्ट पर रखा गया और इलाज शुरू किया गया।
घटनास्थल पर एंबुलेंस भी तुरंत पहुंच गई थी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार दो यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज जारी है। शिमला जिला आपदा प्रबंधन ने पुष्टि की है कि हादसे के समय बस में कुल 20 लोग सवार थे। मृतक की पहचान कराली गांव निवासी वंश नेगी के रूप में हुई है।
स्थानीय निवासी दिनेश शर्मा ने बताया कि यह हादसा सुंडा के पास हुआ। सनेई से रामपुर की ओर आ रही बस अचानक हादसे का शिकार हो गई। शिमला से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित रामपुर में हुए इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
