Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में मंगलवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से नवंबर की गर्मी का 31 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। दूसरी ओर लाहौल-स्पीति के ताबो और कुकुमसेरी में सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ, जबकि बिलासपुर, मंडी और सुंदरनगर में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नवंबर की गर्मी ने 31 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मंगलवार को शहर में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले 15 नवंबर 1995 को 23.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था, जो अब तक का रिकॉर्ड था।
लाहौल-स्पीति में सीजन की सबसे कम तापमान वाली ठंड
प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात का तापमान लगातार गिरने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 5.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि कुकुमसेरी में पारा माइनस चार डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इन क्षेत्रों में इस सीजन का यह अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ है।
बिलासपुर, मंडी और सुंदरनगर में कोहरे का येलो अलर्ट
प्रदेश के मैदानी और मध्यवर्ती क्षेत्रों में भी मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिला। मंगलवार सुबह और शाम को बिलासपुर, मंडी और सुंदरनगर के आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हुई।
बुधवार और वीरवार को भी इन क्षेत्रों में सुबह-शाम कोहरा पड़ने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। इसके साथ ही सुबह और शाम के समय ठिठुरन बरकरार है।