नीट परीक्षा मामले में दिल्ली में लाठीचार्ज के खिलाफ शिमला में सड़क पर उतरी कांग्रेस, सीएम सुक्खू ने दिया धरना

Share

- Advertisement -

Shimla News: नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लिए जाने के विरोध में शिमला में मंगलवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं संग धरना दिया और ज्ञापन सौंपा।

सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं और छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। नीट पेपर लीक मामले से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य संकट में पड़ गया है और 20 से अधिक युवाओं ने जान गंवा दी है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला करार दिया।

सीएम ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी छात्रों की मांगों का समर्थन कर रहे थे। इसके बावजूद उन्हें जबरन हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की मांग की और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने को कहा।

कांग्रेस के कई दिग्गज नेता प्रदर्शन में रहे मौजूद

मुख्यमंत्री ने नीट छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन करने वाली सोनम और अन्य युवाओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को युवाओं की मौतों की जवाबदेही तय करनी चाहिए। सरकार छात्रों की जायज मांगों पर तानाशाही रवैया अपना रही है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, मंत्री जगत सिंह नेगी और विक्रमादित्य सिंह समेत कई विधायक शामिल हुए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक साथ मिलकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और लोक भवन में जाकर ज्ञापन भी सौंपा।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News