सरकाघाट कोर्ट का फैसला, 61 साल पुराने गलत इंतकाल को रद्द कर असली वारिस को मिला जमीन का हक

Share

- Advertisement -

Mandi News: सिविल जज कोर्ट दो सरकाघाट ने 1965 में किए गए इंतकाल नंबर 242 को शून्य और अमान्य घोषित कर दिया है। एक ही नाम की गलतफहमी सेदूसरे परिवार के नाम चढ़ी भटवाण की 61-17-11 बीघा जमीन का मालिकाना हक दिवंगत स्यारू पुत्र मोनी की पत्नी मनशा देवी को मिला है।

एक ही नाम होने की गलतफहमी में 61 साल पहले दूसरे परिवार के नाम चढ़ाई गई जमीन का मालिकाना हक आखिरकार असली वारिस को मिल गया है। सिविल जज कोर्ट दो सरकाघाट की अदालत ने बुधवार को फैसला सुनाते हुए वर्ष 1965 में किए गए इंतकाल नंबर 242 को शून्य और अमान्य घोषित कर दिया है। अदालत ने राजस्व विभाग को रिकार्ड ठीक करने और प्रतिवादियों को जमीन में किसी भी तरह का हस्तक्षेप न करने के स्थायी निषेधाज्ञा (स्टे) के आदेश दिए हैं।

मामले के अनुसार, सरकाघाट उपमंडल की चोलथरा पंचायत के गांव लतेहड़ा निवासी मनशा देवी ने मुख्तार-ए-आम (जीपीए) रणजीत सिंह के माध्यम से अप्रैल 2025 में दीवानी दावा दायर किया था। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने अदालत में दलील दी कि मुहाल भटवाण स्थित करीब 61-17-11 बीघा भूमि मनशा देवी के दिवंगत पति स्यारू पुत्र मोनी पुत्र मंगल के नाम थी।

पति का निसंतान हो गया था निधन

वर्ष 1964 में पति के निसंतान निधन के बाद मनशा देवी ही उनकी एकमात्र कानूनी वारिस थी। हालांकि, 11 जून, 1965 को राजस्व अधिकारियों की त्रुटि से इस जमीन का इंतकाल दूसरे परिवार के स्यारू पुत्र गुसाऊं पुत्र मोलक के कानूनी वारिसों (चंचला देवी व अन्य) के नाम दर्ज हो गया, जबकि दोनों के गोत्र व पूर्वज पूरी तरह अलग थे।

2020 में पता चली गड़बड़ी

वर्ष 2020 में जब प्रतिवादियों ने गलत राजस्व प्रविष्टियों की आड़ में मनशा देवी को जमीन से बेदखल करने और निर्माण कार्य करने की धमकी दी, तब उन्हें इस गड़बड़ी का पता चला। राजस्व अधिकारियों द्वारा इंतकाल रद्द करने में असमर्थता जताने पर उन्होंने अदालत की शरण ली।

कोर्ट ने की एकतरफा कार्रवाई

सुनवाई के दौरान समन तामील होने के बावजूद प्रतिवादी अदालत में पेश नहीं हुए, जिस पर उनके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की गई। अदालत ने पाया कि पटवारी की रिपोर्ट, वंशावली और खुद कुछ प्रतिवादियों के पूर्व बयानों से यह स्पष्ट है कि जमीन के असली मालिक स्यारू पुत्र मोनी थे। साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने मनशा देवी के पक्ष में डिक्री पारित करते हुए उन्हें बड़ी राहत प्रदान की है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News