Pangi News: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को जनजातीय क्षेत्र पांगी के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपमंडल मुख्यालय किलाड़ स्थित बालिका आश्रम में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने पर विशेष जोर दिया।
विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों का दौरा
निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) किलाड़, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किलाड़ और राजीव गांधी डे-बोर्डिंग राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किलाड़ का दौरा किया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यालयों में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने सुराल स्थित गोंपा में दर्शन किए और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
सरकार दूरदराज क्षेत्रों में शिक्षा सुधार के लिए प्रतिबद्ध
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों में शैक्षणिक सुविधाओं को सुदृढ़ करना है, ताकि यहां के युवाओं को भी आगे बढ़ने के समान अवसर मिल सकें। पांगी जैसे दुर्गम क्षेत्र में संस्थानों की स्थिति का जायजा लेने के बाद उन्होंने ग्राम पंचायत फिंडरू और साच के लोगों से भी भेंट की और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साच व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय साच का निरीक्षण किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली छात्राओं को प्रोत्साहन राशि
दौरे के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शिक्षा मंत्री ने छात्राओं की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उन्हें अपनी ओर से 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पांगी की समृद्ध प्राचीन संस्कृति और परंपराओं को सहेजकर रखने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को साझा किया, जिसकी शिक्षा मंत्री ने सराहना की।