बिना ओवन के घर पर ऐसे बनाएं शेफ रणवीर बरार जैसा टेस्टी मशरूम पिज्जा, जानें आसान रेसिपी

Share

- Advertisement -

Recipe News: अगर घर में ओवन न हो और पिज्जा खाने का मन करे, तो अब निराश होने की जरूरत नहीं है। मशहूर सेलिब्रिटी शेफ रणवीर बरार ने बिना ओवन के तवे पर ही स्वादिष्ट और परफेक्ट मशरूम पिज्जा बनाने का बेहद आसान तरीका शेयर किया है, जिसे आप घर पर झटपट तैयार कर सकते हैं।

पिज्जा का नाम सुनते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक के मुंह में पानी आ जाता है। हालांकि, कई बार ओवन न होने के कारण घर पर पिज्जा बनाने की इच्छा अधूरी रह जाती है। शेफ रणवीर बरार की इस विशेष रेसिपी की मदद से आप आसानी से बाजार जैसा टेस्टी पिज्जा तवे पर ही बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने के लिए आवश्यक सामग्री और पूरी विधि।

पिज्जा बनाने के लिए आवश्यक सामग्री

  • पिज़्ज़ा डो (आटा) के लिए: मैदा (1 कप), गेंहू का आटा (¼ कप), बेकिंग पाउडर (½ छोटा चम्मच), बेकिंग सोडा (½ छोटा चम्मच), तेल (1 बड़ा चम्मच), नमक (स्वादानुसार) और दही (3 बड़े चम्मच)।
  • टॉपिंग्स के लिए: ऑलिव ऑयल (2 बड़े चम्मच), कटी हुई शिमला मिर्च (2), कटा हुआ प्याज (1), कटे हुए मशरूम (3-4), कटा हुआ टमाटर (1), चिली फ्लेक्स (1 छोटा चम्मच), ओरिगैनो (1 छोटा चम्मच), ताजी तुलसी के पत्ते (4-5) और नमक (स्वादानुसार)।
  • पिज़्ज़ा सॉस के लिए: तेल (1 बड़ा चम्मच), बारीक कटा लहसुन (2-3 कलियां), बारीक कटा मध्यम आकार का प्याज (1), ताजा टमाटर की प्यूरी (½ कप), चीनी (½ छोटा चम्मच), सिरका (½ छोटा चम्मच), ओरिगैनो और चिली फ्लेक्स (½-½ छोटा चम्मच) तथा नमक (स्वादानुसार)।
  • अन्य सामग्री: कद्दूकस की हुई मोजरेला चीज़ (⅓ कप)।

मशरूम पिज्जा बनाने की विधि

सबसे पहले एक बड़े बाउल में मैदा, गेंहू का आटा, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा, तेल, नमक और दही डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब जरूरत के अनुसार पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें और इसे 5-6 मिनट तक तब तक गूंथें जब तक यह चिकना न हो जाए। इसके बाद इसे ढंककर लगभग 1 घंटे के लिए रख दें।

अब एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें कटे हुए प्याज, शिमला मिर्च, मशरूम और टमाटर डालें। साथ ही नमक, चिली फ्लेक्स और ओरिगैनो डालकर सब्जियों को हल्का सा टॉस करें और ठंडा होने के लिए फ्रिज में रख दें। इसके बाद उसी पैन में थोड़ा और तेल गर्म करके लहसुन और प्याज भूनें। इसमें टमाटर की प्यूरी, चीनी, सिरका, नमक, ओरिगैनो और चिली फ्लेक्स डालकर सॉस का पानी सूखने तक पकाएं और अलग रख लें।

तैयार आटे की लोई बनाकर इसे चपाती से थोड़ा मोटा बेल लें और कांटे की मदद से इस पर छोटे-छोटे छेद कर दें। अब बेली हुई रोटी को तवे पर रखें और धीमी आंच पर एक तरफ से पकाकर पलट लें। इसके बाद इस पर पिज्जा सॉस लगाएं, कद्दूकस की हुई मोजरेला चीज़ फैलाएं, टॉस की हुई सब्जियां और बेसिल के पत्ते रखें। ऊपर से थोड़ी और चीज़ डालकर तवे को ढंक दें और धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक चीज़ अच्छे से पिघल न जाए। गरमा-गरम तवा मशरूम पिज्जा तैयार है, जिसे टुकड़ों में काटकर सर्व करें।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News