मिड-डे मील कुक-कम-हेल्परों का मानदेय अब 10 महीनों में मिलेगा, पुरानी व्यवस्था बहाल

Share

- Advertisement -

Himachal Pradesh News: स्कूल शिक्षा निदेशालय ने मिड-डे मील योजना के कुक-कम-हेल्परों को राहत देते हुए मानदेय भुगतान की पुरानी व्यवस्था बहाल कर दी है। अब 55 हजार रुपये का सालाना मानदेय 12 के बजाय 10 शैक्षणिक महीनों में मिलेगा, जिससे हर माह 5,500 रुपये प्राप्त होंगे। निदेशालय ने 27 नवंबर को इस संबंध में पत्र जारी किया है।

प्रदेश के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील योजना के तहत बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले कुक-कम-हेल्परों को स्कूल शिक्षा निदेशालय ने बड़ी राहत दी है। निदेशालय ने इनके मानदेय भुगतान की व्यवस्था में अहम बदलाव करते हुए पुरानी प्रणाली को फिर से बहाल कर दिया है।

ताजा फैसले के अनुसार, अब इन कर्मचारियों को 55 हजार रुपये का सालाना मानदेय 12 महीनों के बजाय पहले की तरह 10 शैक्षणिक महीनों में ही दिया जाएगा। इस निर्णय के बाद प्रत्येक कुक-कम-हेल्पर को प्रति माह 5,500 रुपये मानदेय के रूप में प्राप्त होंगे।

24 सितंबर के निर्देश वापस, मांगों पर फैसला

स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से 27 नवंबर को प्रदेश के सभी खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किया गया है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि 24 सितंबर 2026 को जारी उन पुराने निर्देशों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाता है, जिनमें सालाना स्वीकृत 55 हजार रुपये की राशि को 10 के स्थान पर 12 समान मासिक किस्तों में बांटकर देने का प्रविधान किया गया था।

12 किस्तों में भुगतान होने के कारण कर्मियों को हर महीने कम राशि मिल रही थी, जिसे लेकर कर्मचारियों में रोष था। शिक्षा निदेशालय ने अपने ताजा आदेश में स्पष्ट किया है कि कुक-कम-हेल्परों की ओर से लगातार प्राप्त हो रही मांगों को ध्यान में रखते हुए पूर्व की भुगतान व्यवस्था को फिर से लागू किया जा रहा है।

अधिकारियों को सख्ती से अनुपालन के निर्देश

नई व्यवस्था को समयबद्ध तरीके से लागू करने के लिए निदेशालय ने सभी ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को नए निर्देशों के अनुरूप ही मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा है।

इसके साथ ही आदेशों का सख्ती से पालन करवाने के लिए पत्र की प्रतिलिपि सभी जिला उपनिदेशकों (प्रारंभिक शिक्षा) को भी भेजी गई है, ताकि किसी भी स्तर पर भुगतान में देरी या लापरवाही न हो।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News