परिसीमन और महिला आरक्षण प्रस्ताव से बदलेगा हिमाचल का सियासी गणित, जानें 2029 तक का पूरा खाका

Share

- Advertisement -

Himachal Pradesh News: केंद्र सरकार के परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े नए प्रस्तावों के लागू होने पर हिमाचल प्रदेश में विधानसभा और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ सकती है। प्रस्ताव के अनुसार राज्य में विधानसभा सीटें 68 से 102 और लोकसभा सीटें 4 से 6 हो सकती हैं। सरकार का लक्ष्य इन्हें 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करना है।

केंद्र सरकार के परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े नए प्रस्तावों के लागू होने के बाद हिमाचल प्रदेश की राजनीति का गणित बदल सकता है। हालांकि इस बारे में पूरी स्थिति लोकसभा में रखे जाने वाले विधेयक के मसौदे से स्पष्ट होगी, लेकिन केंद्रीय मंत्रिमंडल से पारित प्रस्ताव के प्रावधानों के आधार पर इसके संभावित असर का आकलन किया जा सकता है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 27 नवंबर को संविधान के 132वें संशोधन विधेयक सहित नए प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इनके तहत लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रावधान किया गया है। संसद में विधेयक पारित होने और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद हिमाचल प्रदेश विधानसभा की सीटें 68 से बढ़कर 102 और लोकसभा की सीटें 4 से बढ़कर 6 हो सकती हैं।

विधानसभा क्षेत्रों का नया स्वरूप और सियासी चुनौती

इस बदलाव का प्रमुख राजनीतिक असर यह होगा कि हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या बढ़ेगी। नए परिसीमन में मौजूदा विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं भी फिर से तय होंगी।

इससे कई क्षेत्रों का राजनीतिक समीकरण बदल सकता है। नए चुनाव क्षेत्रों के गठन से राजनीतिक दलों को नए चेहरों को अवसर देना होगा। वहीं, मौजूदा विधायकों के सामने नए क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की चुनौती रहेगी।

महिला आरक्षण से बदलेगा प्रतिनिधित्व

महिला आरक्षण के प्रावधान के अनुसार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में लगभग एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की सीटें 102 होने पर करीब 34 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करनी होंगी। इसी तरह लोकसभा की 6 सीटों में से 2 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं।

यह आरक्षण अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों में भी एक तिहाई महिला आरक्षण के प्रावधान के साथ लागू होगा। वर्तमान विधानसभा में केवल 3 महिला विधायक हैं। आरक्षण लागू होने पर सभी राजनीतिक दलों को कम से कम 34 विधानसभा क्षेत्रों में महिला उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारना होगा।

सीटों का संभावित गणित

सदनअभीबाद में विधानसभा68102 लोकसभा0406 राज्यसभा0303 विधानसभा महिला आरक्षण-34 सीटें लोकसभा महिला आरक्षण-2 सीटें

हिमाचल को राहत की उम्मीद

केंद्र के प्रस्ताव में राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के मौजूदा अनुपात को 2051 के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने तक सुरक्षित रखने की बात कही गई है। निर्वाचन क्षेत्रों का नया निर्धारण 2011 की जनगणना के आधार पर करने का प्रस्ताव है। इससे हिमाचल प्रदेश जैसे अपेक्षाकृत कम आबादी वाले पहाड़ी राज्यों की संसद में हिस्सेदारी पर तत्काल जनसंख्या आधारित कटौती का खतरा नहीं रहेगा।

कब से लागू होगा सिस्टम

सरकार का लक्ष्य परिसीमन और महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करना है। इसके लिए संसद के विशेष सत्र में 30 नवंबर से प्रस्तावों पर चर्चा होनी है। हालांकि, अभी मंत्रिमंडल ने विधेयकों को मंजूरी दी है। संसद से पारित होना और परिसीमन आयोग की प्रक्रिया पूरी होना आवश्यक है। इसलिए 2027 के हिमाचल विधानसभा चुनाव में नई सीटें और महिला आरक्षण लागू होंगे या नहीं, यह अभी तय नहीं है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News