मंडी नगर निगम की बैठक में बड़ा फैसला, पार्षदों को विकास कार्यों के लिए मिलेंगे तीन-तीन लाख रुपये

Share

- Advertisement -

Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी नगर निगम की सामान्य बैठक में विकास कार्यों को लेकर अहम फैसले लिए गए। शहर के सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट, बैंच और छोटे निर्माण कार्यों के लिए पार्षदों को तीन-तीन लाख रुपये की राशि दी जाएगी। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था सुधारने और निगम की आय बढ़ाने पर भी सहमति बनी।

महापौर सुमन ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचे पर विस्तृत चर्चा हुई। सफाई कर्मचारियों की भारी कमी को दूर करने के लिए वार्ड नंबर 15 का काम ठेके पर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त सीएलसी के जरिए भी नए कर्मचारी रखे जाएंगे, जिससे सफाई व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त हो सके।

निगम ने अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए कड़ा रुख अपनाया है। दुकानों, खोखों, रेहड़ी-फड़ी धारकों और अन्य संपत्तियों के बकाया राजस्व की जल्द वसूली की जाएगी। इसके साथ ही मंडी शहर में दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के डिस्प्ले बोर्डों के लिए एक समान आकार, रंग, डिजाइन और प्रकाश व्यवस्था तय करने के निर्देश दिए गए।

शहर के प्रमुख चौकों पर स्थापित होंगी महापुरुषों की मूर्तियां

बैठक में ऐतिहासिक हस्तियों की प्रतिमाएं लगाने पर विचार हुआ। भगवान शिव की मूर्ति सेरी मंच के समीप पीपल के पेड़ के पास और महाराणा प्रताप की प्रतिमा आईटीआई चौक पर लगाई जाएगी। परशुराम और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की मूर्तियों के लिए स्थान तलाशा जा रहा है। उपायुक्त कार्यालय चौक को भी भव्य रूप दिया जाएगा।

टारना मेले की तैयारियों और बाढ़ से प्रभावित निगम भवनों व पुस्तकालय की मरम्मत की योजना पर भी चर्चा हुई। खतरनाक और पुराने जर्जर भवनों को गिराने के नोटिस जारी होंगे। सड़क किनारे कबाड़ियों की दुकानों को हटाने और आईआईटी मंडी कैंपस को पालमपुर शिफ्ट करने के विरोध पर पार्षदों ने चर्चा की मांग रखी।

बजट आवंटन को लेकर पार्षदों और अधिकारियों में बहस

बैठक के दौरान योजनाओं के बजट को दूसरी मद में बदलने के मुद्दे पर पार्षदों और अधिकारियों में तीखी नोक-झोंक हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों के अनुसार ऐसा करना संभव नहीं है। सोशल मीडिया पर अधिकारियों के खिलाफ की गई टिप्पणी पर ठेकेदार को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।

पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में नशे के कारोबार पर सख्त निगरानी रखने और बाहरी प्रवासियों की सही पहचान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। महापौर सुमन ठाकुर ने बताया कि बैठक में विकास कार्यों, शहर की स्वच्छता और इसे नशामुक्त बनाने पर ठोस रणनीति तैयार की गई है, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News