Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गुम्मा के पास अचानक हुए भूस्खलन की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिवार के सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।
कुल्लू जिले के सुल्तानपुर का एक परिवार दो गाड़ियों में सवार होकर जोगिंद्रनगर स्थित प्रसिद्ध मां सिमसा मंदिर के दर्शन के लिए निकला था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे गुम्मा के पास परिवार पानी पीने के लिए रुका था। तभी अचानक पहाड़ी से भारी चट्टानें गिरने लगीं और सभी लोग इसकी चपेट में आ गए।
राहत और बचाव कार्य के बाद घायलों को पहुंचाया अस्पताल
इस हादसे में सुल्तानपुर निवासी रामेश्वरी शर्मा पत्नी गोपालकृष्ण की मौके पर ही जान चली गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस-प्रशासन की टीम ने राहत कार्य शुरू किया। सभी सात घायलों को इलाज के लिए तुरंत नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद घटनास्थल और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वायरल वीडियो में अस्पताल में मौजूद परिजन एक-दूसरे को सांत्वना देते दिखे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए और मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।