कुंजुम पास पर बनेगी नई टनल, सीएम सुक्खू ने स्पीति के लिए 500 करोड़ के विकास कार्यों और सर्वे का किया ऐलान

Share

- Advertisement -

Lahaul Spiti News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने 15,000 फीट ऊंचे कुंजुम पास के नीचे टनल निर्माण का सर्वे कराने और डीपीआर तैयार करने का बड़ा ऐलान किया है। इस टनल के बनने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सालभर बेहतर रोड कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके साथ ही स्पीति के समग्र विकास पर 500 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

काजा में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने समदो-काजा ट्रांसमिशन लाइन का काम तीन साल में पूरा करने का वादा किया। इससे घाटी को चौबीस घंटे निर्बाध बिजली मिलेगी। मुख्यमंत्री ने रांगरिक में दो मेगावाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट और कई सड़कों का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का 42 प्रतिशत भू-भाग शीत मरुस्थल है, जिसके विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

प्राकृतिक खेती, हेलीपोर्ट और दीपावली पर डीए का वादा

मुख्यमंत्री ने स्पीति को प्राकृतिक खेती क्षेत्र घोषित करने, काजा में कॉलेज की संभावनाएं तलाशने, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति और हेलीपोर्ट निर्माण के सर्वे की घोषणा की। उन्होंने बताया कि सरकार ‘अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना ला रही है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये महीना, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और दस लाख रुपये का बीमा कवर दिया जाएगा।

सीएम सुक्खू ने संकेत दिए कि सरकार दीपावली पर कर्मचारियों को महंगाई भत्ते की किस्त जारी करने पर विचार कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर ओपीएस लागू करने के चलते 1,600 करोड़ रुपये रोकने का आरोप लगाया। साथ ही जेपी नड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के समय मेडिकल कॉलेजों में 35 फीसदी स्टाफ था, जो अब बढ़कर 70 फीसदी हो चुका है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News