Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की स्यांज घाटी के धाओगी सड़क मार्ग पर एक दर्दनाक कार हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह हादसा करवाचौथ के त्योहार से ठीक एक दिन पहले हुआ, जिससे मृतक के परिवार और पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है।
खाई में गिरी कार, मौके पर हुई मौत
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 20 वर्षीय कृष्ण (कर्ण), पुत्र दुर्गा दास के रूप में हुई है, जो मंडी जिले के गोहर उपमंडल के अंतर्गत बासा पंचायत के कलस गांव का रहने वाला था। वह स्यांज क्षेत्र में जेसीबी मशीन चलाने का काम करता था और अपना काम निपटाने के बाद अपने साथी प्रेम के साथ कार से अपने क्वार्टर लौट रहा था। इसी दौरान धाओगी सड़क मार्ग पर चालक का कार से नियंत्रण छूट गया और वाहन करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में कर्ण की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल युवक एम्स बिलासपुर रेफर
इस भीषण दुर्घटना में कार में सवार दूसरा युवक, रोपा स्यांज निवासी 25 वर्षीय प्रेम (पुत्र रूपलाल) गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कुल्लू पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए देर रात ही दोनों युवकों के परिजनों को फोन पर इसकी जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल प्रेम को तुरंत उपचार के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा शव
पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 27 अक्तूबर को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। जैसे ही कर्ण का पार्थिव शरीर उसके पैतृक गांव पहुंचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। इस असमय हादसे ने परिवार की सारी खुशियों को मातम में बदल दिया है।