Shimla News: कुमारसैन स्थित कोटेश्वर पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह शनिवार को दरबार मैदान में बेहद धूमधाम के साथ मनाया गया। इस भव्य समारोह में हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि विशेष अतिथि के रूप में हेमंत वर्मा और पूर्व प्रधान राजेश राजटा उपस्थित रहे।
प्रधानाचार्य जगदीश राम चैक ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
विभिन्न कक्षाओं में अव्वल रहे मेधावी छात्र
शैक्षणिक उपलब्धियों के तहत दूसरी कक्षा के जन्मेश महाजन, तीसरी कक्षा के अर्णव भारोटा, चौथी कक्षा के भार्गव, पांचवीं कक्षा की इपशिता श्याम, छठी कक्षा के रिद्यान खेवटा, सातवीं कक्षा की अवनि सूद, नौवीं कक्षा की प्रकृति गुप्ता, दसवीं कक्षा की आन्या श्याम, ग्यारहवीं कक्षा की मान्या चौहान और बारहवीं कक्षा की निकिता ने अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान हासिल किया।
इसके अलावा आठवीं कक्षा में आरव शर्मा और आरव श्याम संयुक्त रूप से प्रथम रहे। प्रतियोगिताओं की बात करें तो अंग्रेजी सुलेख में पूर्वी, कुशाग्र सोनी और अंशिका तथा अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता में जन्मेश महाजन, मन्नत और आन्या श्याम ने अपने-अपने वर्गों में पहला स्थान प्राप्त किया। विश्व जल दिवस पर आयोजित पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में जन्मेश महाजन, आन्या चौहान और अवनि सूद विजेता रहे।
मुख्य अतिथि ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
समारोह के दौरान विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने अभिभावकों और शिक्षकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि केहर सिंह खाची ने विद्यालय के विकास और प्रोत्साहन के लिए स्कूल प्रबंधन को इकसठ हजार रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर स्कूल स्टाफ, अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।