Kangra News: कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने देर रात खन्यारा स्थित एक निजी होटल में छापेमारी कर 10.36 ग्राम हेरोइन (चिट्ठे) और एक लाख रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने पंजाब के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर धर्मशाला थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गुप्त सूचना के आधार पर होटल के कमरे में दी दबिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआईए टीम को मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर खन्यारा के एक निजी होटल के कमरे में दबिश दी गई। इस दौरान मौके से सुनील कुमार (निवासी गांव जलालाबाद, डाकघर फाजिल्का) और मनजीत सिंह (निवासी गांव मुंडी, खरड़, पंजाब) को काबू किया गया। तलाशी और पूछताछ के दौरान दोनों के कब्जे से 10.36 ग्राम चिट्ठा और एक लाख रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद हुई। पुलिस ने नशीले पदार्थ और नकदी को अपने कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस, होटल प्रबंधन के सहयोग की सराहना
मामले की पुष्टि करते हुए कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि नशे के मुख्य स्रोतों और इससे जुड़े अन्य संपर्कों व नेटवर्क का पता लगाया जा सके। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई तेजी से जारी है। इसके साथ ही, छापेमारी के दौरान होटल मालिक, संचालक और कर्मचारियों की तरफ से पुलिस को दिए गए पूरे सहयोग की कांगड़ा पुलिस ने विशेष रूप से सराहना की है।