Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने जूनियर बेसिक टीचर (जेबीटी) के 600 पदों का अंतिम परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। जॉब ट्रेनी आधार पर आयोजित पोस्ट कोड-25004 की कंप्यूटर आधारित परीक्षा में कुल 595 उम्मीदवार सफल रहे हैं, जबकि योग्य अभ्यर्थी न मिलने से पांच पद खाली रह गए हैं।
आयोग को इस भर्ती के लिए कुल 17,201 आवेदन मिले थे। कंप्यूटर स्क्रीनिंग टेस्ट में 16,173 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 1,028 गैरहाजिर रहे। मेरिट के आधार पर 948 अभ्यर्थियों को चुना गया था। पूर्व में सात से 21 जुलाई तक दस्तावेज जांच के बाद अब अंतिम परिणाम आया है।
सफल उम्मीदवारों के अगले चरण की दस्तावेज जांच प्रक्रिया 16 सितंबर को सुबह 10 बजे से आयोग परिसर में होगी। आयोग उम्मीदवारों को केवल आधिकारिक ईमेल के जरिए ही सूचना भेजेगा। किसी भी अभ्यर्थी को अलग से बुलावा पत्र या डाक द्वारा कोई सूचना नहीं भेजी जाएगी।
सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को सभी जरूरी मूल प्रमाणपत्र साथ लाने होंगे। इसके अलावा स्वप्रमाणित प्रतियों के दो सेट, ऑनलाइन आवेदन फॉर्म का प्रिंट और पहचान पत्र लाना जरूरी है। आयोग ने निर्देश दिया है कि तय तारीख पर पूरे दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों ताकि प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।
राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि उम्मीदवारों को दूसरा मौका नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा, “सत्यापन प्रक्रिया 16 सितंबर को सुबह 10 बजे से आयोग परिसर में शुरू होगी। उम्मीदवारों को इसकी सूचना ईमेल से दी जाएगी और अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थी को दोबारा अवसर नहीं मिलेगा।”