हिमाचल के डॉ. वाई.एस. परमार यूनिवर्सिटी में बड़ा बवाल, वाइस चांसलर ने कमरे में खुद को बंद कर मांगी पुलिस सुरक्षा

Share

- Advertisement -

Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन में स्थित डॉ. वाई.एस. परमार यूनिवर्सिटी में सोमवार को भारी हंगामा हुआ। अध्यापकों के हमले की आशंका से घबराकर वाइस चांसलर ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस सुरक्षा की मांग की। यूनिवर्सिटी में पिछले तीन महीने से माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ है।

टीचर्स का आरोप है कि वे अपनी समस्याएं रखने के लिए पिछले तीन महीने से वाइस चांसलर एच.एस. बावेजा से मिलने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन वीसी उनसे मुलाकात नहीं कर रहे थे। इसी बात से नाराज होकर शिक्षक सोमवार को अपनी शिकायत लेकर सीधे वाइस चांसलर के दफ्तर पहुंच गए, जहां सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया।

पूर्व वीसी राजेश्वर चंदेल की पत्नी और बेसिक साइंस विभाग की हेड आशु चंदेल ने स्टेट विजिलेंस ब्यूरो को 24 पन्नों की चिट्ठी भेजी है। आशु चंदेल का आरोप है कि बावेजा ने उनकी नियुक्ति को गैरकानूनी बताते हुए हटाने की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में बीजेपी और कांग्रेस दोनों सरकारों के 11 वीसी आए, लेकिन किसी ने सवाल नहीं उठाया।

दूसरी तरफ वीसी बावेजा ने मीडिया को बताया कि उन्होंने सोलन के पुलिस अधीक्षक को अध्यापकों की धमकियों के बारे में जानकारी दे दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षकों ने उनके दफ्तर में जबरन घुसने का प्रयास किया। वीसी ने इस पूरी घटना और तनावपूर्ण स्थिति की जानकारी राज्य के चीफ सेक्रेटरी और डीजीपी को भी भेज दी है।

यूनिवर्सिटी के स्टाफ का कहना है कि गवर्नर के कार्यक्रम के बाद उन्हें बिना पक्ष सुने कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए गए। कर्मचारी इसी मुद्दे पर बातचीत करने गए थे, पर उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। इसके विरोध में कर्मचारी दफ्तर के बाहर धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें निष्पक्ष जांच और अपना पक्ष रखने का मौका मिले।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News